आखिर हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पप्पू यादव हुए गिरफ्तार, तेजस्वी ने नसीहत के साथ-साथ दिया सहयोग का आश्वासन

पटना। न्यूजस्टिच
बिहार की राजनीति के कद्दावर नेता और पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को शुक्रवार की देर रात पटना पुलिस ने एक हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें उनके मंदिरी स्थित आवास से उठाकर ले गई। यह कार्रवाई करीब 30 साल पुराने (1995) एक आपराधिक मामले में की गई है। शुक्रवार रात 11 बजे से शुरू हुआ यह घटनाक्रम देर रात तक चला। शुरुआत में जब पुलिस की एक छोटी टीम सांसद को लेने पहुंची, तो उन्होंने जाने से साफ इनकार कर दिया और पुलिसिया मंशा पर सवाल उठाए। स्थिति बिगड़ती देख सिटी एसपी भानु प्रताप खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी तीखी नोकझोंक के बाद पुलिस सांसद को जबरन अपने साथ ले गई।

क्या है 1995 का यह मामला?
अधिकारियों के मुताबिक यह मामला पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है। पप्पू यादव और तीन अन्य लोगों पर साल 1995 में धोखाधड़ी और दस्तावेजों की जालसाजी कर मकान किराए पर लेने का आरोप लगा था। पटना के गर्दनीबाग थाने में IPC की धारा 467 (मूल्यवान सुरक्षा या वसीयत आदि की जालसाजी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। दो दिन पहले ही पटना की MP-MLA कोर्ट ने इस मामले में सांसद के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था, जिसके बाद पुलिस ने यह कदम उठाया।

समर्थन के साथ दी नसीहत,कहा-आगे से RJD पर कटाक्ष न करें
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की आधी रात को हुई गिरफ्तारी ने बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया है। इस घटनाक्रम पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक बेहद कड़ा और संदेशात्मक पोस्ट साझा किया है। तेजस्वी ने जहाँ एक तरफ पुलिसिया कार्रवाई को घेरा, वहीं पप्पू यादव को भविष्य के लिए सतर्क भी किया। तेजस्वी यादव ने सरकार और पुलिस की प्राथमिकता पर सवाल उठाते हुए लिखा कि बिहार पुलिस 35 साल पुराने मामले में पप्पू यादव को रात 11 बजे गिरफ्तार करने पहुंची है। उन्होंने इसे पटना के NEET छात्रा रेप और हत्या केस से जोड़ते हुए कहा कि पप्पू यादव इस केस में सबका पोल खोल रहे थे और अपराधियों का पता बताने वाले को 2 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की थी। पुलिस असली रेपिस्ट को तो गिरफ्तार कर नहीं पाई, लेकिन जो आवाज उठा रहा था, उसे ही पकड़ने आ गई।

पप्पू यादव को तेजस्वी की ‘कड़वी नसीहत’
तेजस्वी यादव का पोस्ट केवल समर्थन तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने पप्पू यादव को याद दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उनके साथ कौन खड़ा है। तेजस्वी ने स्पष्ट लहजे में लिखा कि इस घड़ी में राजद (RJD) समर्थक ही पप्पू यादव के लिए आवाज उठाएंगे, वो लोग तो बिल्कुल नहीं जिनके लिए पप्पू यादव लड़ रहे थे। पप्पू जी से बस इतना कहना है कि आगे से राजद पर कटाक्ष न करें कम से कम।

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने किया पोस्ट
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने अपने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर कहा है कि बहुत शानदार, हम NEET छात्रा को न्याय दिलवाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। हमें गिरफ्तार करने पटना आवास पर पुलिस पहुंच गई है। लेकिन इससे पप्पू यादव न झुकेगा न ही चुपा होगा। बेईमानों की कारगुजारियों को बेनकाब करके रहेंगे। जेल भेजो या फांसी दे दो पप्पू रुकेगा नहीं। सांसद पप्पू यादव ने यह पोस्ट शु्क्रवार की देर रात किया है। बता दें क 6 जनवरी की देर रात पुलिस उनके पटना स्थित आवास पर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची थी। इसके बाद उन्होंने पोस्ट किया।

31 साल पुराने मामले में वारंट लेकर पहुंची पुलिस
31 साल पुराने एक मामले को लेकर गर्दनीबाग पुलिस पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार करने उनके आवास पर पहुँची। गौरतलब है कि पुलिस ने इस कार्रवाई की तैयारी दो दिन पूर्व ही उनके घर पर कुर्की-जब्ती का इश्तेहार चिपकाकर कर दी थी। जैसे ही सांसद दिल्ली से पटना पहुँचे, पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, जिसे पप्पू यादव ने अपनी हत्या की साजिश करार दिया है।

हम रात में नहीं जाएंगे सुबह जाएंगे
गिरफ्तार करने पहुंची पुलिसकर्मियों से पप्पू यादव की तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस वालों पर पप्पू यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे डर है ये लोग मुझे मरवा देंगे। रात में इनके साथ थाने नहीं जाएंगे। ये लोग मरवा देंगे। हम रात में नहीं जाएंगे हम सुबह जाएंगे। आपके पास कोर्ट का कोई ऑर्डर नहीं है। हम लोग कोर्ट जाएंगे इसके खिलाफ। हमें कोई दिक्कत नहीं है हम आपके साथ नहीं जाएंगे। कोर्ट ने हमें बुलाया, हम पटना आ गए कोई वर्दी में नहीं आया है। दीपक ने हमारे साथ गलत बर्ताव किया है। पप्पू यादव की गिरफ्तारी का हाई वोलटेज ड्राम देर रात जारी रहा। अब देखना होगा कि पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *