मोबाइल छोड़ो, मैदान चुनो! पूर्णिया में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनूठी पहल, हर ओर सराहना

बच्चों को डिजिटल लत से बाहर निकालने और उन्हें खेल के मैदान से जोड़ने के उद्देश्य से आज झीलटोला फुटबॉल मैदान में झीलटोला फुटबॉल अकादमी का भव्य उद्घाटन किया गया। यह अकादमी ‘पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति’ और ‘आव्या स्पोर्ट्स फाउंडेशन’ के संयुक्त प्रयासों से शुरू की गई है।

उद्घाटन समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथियों ने आज के दौर की सबसे बड़ी समस्या ‘मोबाइल की लत’ पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास रुक रहा है। अतिथियों ने भावुक अपील करते हुए कहा, “यदि आप अपने बच्चे का भविष्य संवारना चाहते हैं, तो उसे दिन भर में कम से कम 2 घंटे मोबाइल से दूर रखें और 2 घंटे मैदान में खेलने भेजें। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास भी पैदा करता है।

इस अकादमी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तराशना है। अकादमी के माध्यम से युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण (Professional Training) और सही मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे जिला और राज्य स्तर से होते हुए राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। यह पहल विशेष रूप से उन खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगी जिनके पास हुनर तो है, लेकिन सही मंच की कमी थी।

समारोह में समाज के वरिष्ठ नागरिक, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में अभिभावक शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह अकादमी क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *