भागलपुर। न्यूजस्टिच
बिहार की शैक्षणिक नगरी भागलपुर के लिए गौरव का क्षण है। सुंदरवती महिला महाविद्यालय (एसएम कॉलेज) की मेधावी छात्राओं ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित विधान भवन में आयोजित ‘चौथे नेशनल एनवायरनमेंट यूथ पार्लियामेंट 2026’ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 14 और 15 फरवरी को आयोजित इस राष्ट्रीय मंच पर कॉलेज की स्नेहा और अनुष्का ने पर्यावरण संरक्षण के गंभीर मुद्दों पर प्रभावी प्रतिनिधित्व कर न केवल कॉलेज, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
जलवायु परिवर्तन और COP30 पर आधारित रहा विमर्श
इस वर्ष की यूथ पार्लियामेंट मुख्य रूप से COP30 (संयुक्त राष्ट्र का 30वां वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन) के विषयों पर केंद्रित थी। ज्ञात हो कि COP30 का आयोजन नवंबर 2025 में ब्राजील के बेलेम में किया गया था, जिसका उद्देश्य पेरिस समझौते के लक्ष्यों को गति देना, वनों की कटाई रोकना और 2050 तक ‘नेट-जीरो’ के लक्ष्य को हासिल करना है। नागपुर के विधान सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर के विभिन्न राज्यों के चयनित युवाओं ने हिस्सा लिया और 2035 तक के जलवायु लक्ष्यों पर अपनी महत्वाकांक्षी योजनाएं साझा कीं।
‘पांच अवयवों’ के समन्वय पर दिया जोर
एसएम कॉलेज के बीसीए विभाग (पांचवें सेमेस्टर) की छात्रा स्नेहा कुमारी और अंग्रेजी विभाग (तृतीय सेमेस्टर) की छात्रा अनुष्का भारद्वाज ने ‘सस्टेनेबल भारत’ के निर्माण पर अपने विचार रखे। उन्होंने जल, जंगल, जमीन, जानवर और जन (लोग) के बीच बेहतर समन्वय को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की उत्कृष्टता इन्हीं पांच अवयवों पर टिकी है। इन दोनों छात्राओं के साथ मारवाड़ी कॉलेज के छात्र शिव सागर को भी टीएमबीयू (TMBU) की ओर से इस प्रतिष्ठित मंच पर भागीदारी का अवसर मिला।
महाविद्यालय में उत्सव का माहौल
छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर एसएम कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निशा झा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “स्नेहा और अनुष्का ने कॉलेज की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है। उनकी इस सफलता से पूरा महाविद्यालय परिवार गौरवान्वित है। बधाई देने वालों में राजनीति विज्ञान विभाग के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर सह टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. हिमांशु शेखर, डॉ. श्वेता सिंह कोमल, बीसीए फैकल्टी चंदन कुमार सहित महाविद्यालय के तमाम शिक्षक शामिल रहे। शिक्षकों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पर्यावरण जागरूकता की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
ये भी खबर पढ़ेंः
BPSC TRE-4: अचानक बदला BPSC का कैलेंडर, अब इस माह में होगी TRE-4 परीक्षा, जानें आवेदन-रिजल्ट तक डिटेल

