IGNOU: क्या आप चूक गए थे मौका? IGNOU में नामांकन की बढ़ी तारीख, पर ये निर्देश भी जारी

पूर्णिया/सहरसा। न्यूजस्टिच
उच्च शिक्षा की चाह रखने वाले छात्रों और कामकाजी पेशेवरों के लिए राहत भरी खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए नए नामांकन (Admission) और पुन: पंजीकरण (Re-registration) की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 कर दी है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र सहरसा के वरीय क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मिर्जा नेहाल ए. बेग के निर्देशानुसार अब छात्र विलंब शुल्क के साथ अपना सत्र सुरक्षित कर सकते हैं।

पूर्णिया महिला कॉलेज में शुरू हुए 6 नए पाठ्यक्रम

इग्नू ने स्थानीय छात्रों की मांग को देखते हुए पूर्णिया महिला महाविद्यालय स्थित शिक्षार्थी सहायता केंद्र (कोड: 86022) में छह नए रोजगारपरक कार्यक्रमों को सक्रिय किया है। अब छात्राएं और स्थानीय छात्र यहाँ से निम्नलिखित विषयों में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे। पोषण एवं बाल देखभाल में प्रमाणपत्र (CNCC), प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा में डिप्लोमा (DECE), पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा में डिप्लोमा (DNHE), वाणिज्य स्नातक (BCOMF), संस्कृत में स्नातकोत्तर (MSK), लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर (MPA),

जी.एल.एम. कॉलेज बनमनखी भी हुआ सक्रिय

प्रशासनिक और शैक्षणिक भार को कम करने के लिए इग्नू ने जी.एल.एम. कॉलेज, बनमनखी (कोड: 86024) को भी इस सत्र से पूर्णतः सक्रिय कर दिया है। यहाँ सामान्य स्नातक के साथ-साथ चार वर्षीय स्नातक प्रोग्राम (इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और हिंदी) में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सहायता मिल सकेगी।

पुन: पंजीकरण के लिए ₹200 विलंब शुल्क

जो छात्र पहले से इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकित हैं और अगले वर्ष या सेमेस्टर के लिए पुन: पंजीकरण (Re-registration) कराना चाहते हैं, उनके लिए भी 28 फरवरी आखिरी मौका है। छात्र अपनी सुविधा के अनुसार 200 रुपये विलंब शुल्क का भुगतान कर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण निर्देश और सावधानी

पूर्व समन्वयक प्रो. गौरी कांत झा ने नामांकन के इच्छुक छात्रों से विशेष आग्रह किया है कि नामांकन के समय छात्र अपना ‘स्वयं’ का ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर ही दर्ज करें, ताकि विश्वविद्यालय से मिलने वाली महत्वपूर्ण सूचनाएं सीधे उन तक पहुंच सकें। इग्नू प्रवेश शुल्क के बदले सभी छात्रों को पाठ्य सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध कराता है। इग्नू के सभी प्रोग्राम यूजीसी (UGC) से मान्यता प्राप्त हैं और केंद्र व राज्य सरकार की नौकरियों के लिए पूरी तरह मान्य हैं। नामांकन प्रक्रिया: पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। छात्र इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट www.ignou.ac.in पर जाकर कॉमन प्रोस्पेक्टस पढ़ सकते हैं और अपना आवेदन सुनिश्चित कर सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *