खगड़िया/मुंगेर। न्यूजस्टिच
बिहार में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा ‘संगठन सृजन अभियान’ अब अपने समापन की ओर है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक और हरियाणा के पूर्व मंत्री राव दान सिंह ने खगड़िया और मुंगेर जिलों का दौरा पूरा कर लिया है। अब वे जिला अध्यक्ष पद के दावेदारों की अंतिम सूची के साथ आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
राहुल गांधी के ‘नए तेवर’ वाली कांग्रेस की तैयारी
मुंगेर के तारापुर विधानसभा में अभियान के समापन के दौरान राव दान सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व—राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और के.सी. वेणुगोपाल की सोच स्पष्ट है। कांग्रेस अब एक नए तेवर के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा, “संगठन सृजन अभियान केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा को करारा जवाब देने के लिए पार्टी को सशक्त बनाने का एक मिशन है।”
जिला अध्यक्ष पद के लिए खुली दावेदारी
राव दान सिंह ने स्पष्ट किया कि संगठन में लोकतंत्र को बढ़ावा देने के लिए जिला अध्यक्ष पद के द्वार उन सभी के लिए खुले हैं जिन्होंने संगठन के लिए जमीन पर काम किया है। कोई भी निष्ठावान कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पद के लिए अपनी राय और दावेदारी पेश कर सकता है। 19 फरवरी को खगड़िया से शुरू हुआ यह सघन संवाद अभियान खगड़िया की चार और मुंगेर की तीन विधानसभाओं से गुजरते हुए तारापुर में संपन्न हुआ।
स्थानीय नेतृत्व की सक्रियता
खगड़िया में इस पूरे अभियान के दौरान जिला अध्यक्ष डॉ.अविनाश कुमार पासवान पूरी तरह सक्रिय रहे और संगठन को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राव दान सिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस नेता मनोज शर्मा भी पर्यवेक्षक के रूप में तैनात थे, जिन्होंने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया।
अब दिल्ली में होगा फैसला
पर्यवेक्षक राव दान सिंह अब खगड़िया और मुंगेर के तमाम दावेदारों की फेहरिस्त लेकर दिल्ली रवाना होंगे। एआईसीसी (AICC) को सौंपी जाने वाली इस गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी जिला अध्यक्षों के नामों पर मुहर लगेगी, जो 2026 के राजनीतिक समीकरणों में पार्टी का नेतृत्व करेंगे।

