पूर्णिया। न्यूजस्टिच
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आगामी 12 मार्च 2026 को प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था और पूर्व तैयारियों को पुख्ता करने के उद्देश्य से मंगलवार को महानंदा सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने की। बैठक में सीएम के कार्यक्रम को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
मां पूरण देवी मंदिर में पूजा और विकास कार्यों का अवलोकन
जिला प्रशासन द्वारा बतलाया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले पूर्णिया की कुलदेवी मां पूरण देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए चल रहे विभिन्न कार्यों का वे अवलोकन भी करेंगे। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में जारी तैयारियों को गुणवत्ता के साथ ससमय पूरा करने का निर्देश दिया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण और स्टॉल
मुख्यमंत्री नवनिर्मित डेयरी मत्स्य पशुपालन संसाधन विभाग और जिला स्तरीय संसाधन प्रशिक्षण केंद्र का दौरा करेंगे। यहां विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। डीएम ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टॉल और प्रदर्शनी की तैयारी में कोई कमी न रहे।
रंगभूमि मैदान में जनसंवाद और योजनाओं का शिलान्यास
यात्रा का मुख्य केंद्र रंगभूमि मैदान (इंदिरा गांधी स्टेडियम) होगा। जहां मुख्यमंत्री एक विशाल जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री जिले की उन तमाम योजनाओं का उद्घाटन करेंगे जो पूर्ण हो चुकी हैं, साथ ही कई नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने उद्घाटन और शिलान्यास वाली योजनाओं की सूची की बिंदुवार समीक्षा की और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा है।
कड़ी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
सुरक्षा के मद्देनजर एसपी स्वीटी सहरावत ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। इसमें मुख्यमंत्री के सड़क मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने और चिह्नित जगहों पर ड्रॉप गेट बनाने का आदेश दिया गया है। पार्किंग स्थलों, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता (राजस्व, विधि-व्यवस्था, आपदा) सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि मुख्यमंत्री की इस यात्रा को ऐतिहासिक और निर्बाध बनाया जा सके।

