पटना। न्यूजस्टिच
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और तनावपूर्ण वैश्विक स्थितियों का असर अब बिहार की आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। बिहार के विशेष शाखा के पुलिस उप महानिरीक्षक ने राज्य के सभी जिलों को पत्र लिखकर एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की संभावित कमी के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने का अलर्ट जारी किया है। विशेष शाखा द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के कारण गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो रही है। ऐसी स्थिति में बिहार में भी एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कमी आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
भीड़ और विधि-व्यवस्था पर रहेगा पहरा
पुलिस उप महानिरीक्षक ने आशंका जताई है कि आपूर्ति में कमी की खबर से गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ सकती है। जिससे अव्यवस्था या विधि-व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। इस परिस्थिति को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के आसपास सतत निगरानी रखी जाए। भीड़ को नियंत्रित करने और शांति बनाए रखने के लिए समुचित बल तैनात किया जाए।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कठोर कार्रवाई
अलर्ट में विशेष रूप से चेतावनी दी गई है कि कुछ असामाजिक तत्व इस स्थिति का फायदा उठाकर गैस सिलेंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी या कालाबाजारी कर सकते हैं। पुलिस प्रशासन को ऐसे तत्वों पर पैनी नजर रखने और उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वे आपूर्ति विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और आवश्यकतानुसार जनता को वस्तुस्थिति से अवगत कराते रहें। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह को फैलने से रोकना है, ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो। यह पत्र बिहार के सभी जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक को कार्यार्थ तथा सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षकों को सूचनार्थ भेजा गया है।

