पूर्णिया/मधेपुरा। न्यूजस्टिच
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के तत्वावधान में आयोजित BCA मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में मधेपुरा की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से किशनगंज को करारी शिकस्त दी है। रमेश विजयलक्ष्मी मेमोरियल स्टेडियम (विद्या विहार) में खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में मधेपुरा ने किशनगंज को 100 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।
हेमंत की बल्लेबाजी और मधेपुरा का स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मधेपुरा की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। टीम ने 39.2 ओवरों में सभी विकेट खोकर 204 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। मधेपुरा की ओर से हेमंत कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 73 रन बनाए। वहीं अस्मित राज ने 32 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। सौरव सिन्हा ने 28 रनों की पारी खेली।
ओंकार की फिरकी में उलझा किशनगंज
205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किशनगंज की टीम मधेपुरा के गेंदबाजों के सटीक लाइन-लेंथ के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम मात्र 24.4 ओवरों में 104 रन पर ऑल आउट हो गई। मधेपुरा की ओर घातक गेंदबाजी की गई। ओंकार कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट झटके। मोनू भारत गोआला ने विपक्षी टीम के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अयान वसीम शोएब ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए।
मैच के दौरान उपस्थित गणमान्य
इस रोमांचक मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बीसीए के संयुक्त सचिव दिग्विजय सिंह, पूर्णिया टीम के कोच अभिषेक कुमार, लीग कमेटी सदस्य प्रेम प्रकाश, विशाल कुमार और विद्या विहार के पीआरओ राहुल शांडिल्य उपस्थित रहे। मैच का सफल संचालन अंपायर कुमार रजनीश और राजेश कुमार यादव ने किया। जबकि स्कोरर की भूमिका प्रियांशु कुमार और अजीत कुमार ने निभाई।

