राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के मुरगिया टोला गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक बहू ने अपनी ही सास की बेलन से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।
चिल्ला न सके इसलिए मुंह में ठूंसा कपड़ा
एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक बुजुर्ग महिला की पहचान शबरा खातून के रूप में हुई है। सोमवार को घरेलू विवाद के दौरान उनकी बहू गुलक्शा परवीन ने उन पर बेलन से हमला कर दिया। क्रूरता की हद पार करते हुए बहू ने सास का मुंह कपड़े से बंद कर दिया था ताकि उनकी चीखें बाहर न जा सकें।
एम्स में तोड़ा दम
घटना के बाद शबरा के पति उन्हें स्थानीय क्लीनिक ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। लेकिन मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी। जिसके बाद उन्हें तुरंत पटना एम्स (AIIMS) ले जाया गया। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
मृतका के पति की लिखित शिकायत पर आरोपी बहू गुलक्शा परवीन के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

