पटना। न्यूजस्टिच
बिहार की राजधानी पटना में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी और कालाबाजारी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पटना सदर अनुमंडल में एक सजग उपभोक्ता की शिकायत पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैस एजेंसी के डिलिवरी बॉय के खिलाफ पाटलिपुत्र थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। मामला पेपर डिलिवरी यानी बिना सिलेंडर दिए ही रिकॉर्ड में उसे डिलीवर दिखाने से जुड़ा है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार दीघा क्षेत्र के रहने वाले एक उपभोक्ता ने इंद्रपुरी स्थित मेसर्स उत्सव गैस सेवा एजेंसी में अपना घरेलू गैस सिलेंडर बुक कराया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब सिलेंडर उनके घर नहीं पहुंचा, तो वे हैरान रह गए। उनकी हैरानी तब और बढ़ गई जब उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनका गैस सिलेंडर सफलतापूर्वक डिलीवर कर दिया गया है।
उपभोक्ता ने इस फर्जीवाड़े की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी। जांच में पाया गया कि एजेंसी के डिलिवरी बॉय, मुकेश ने सिलेंडर की आपूर्ति किए बिना ही उसे डिलीवर दिखा दिया था। इस गंभीर अनियमितता और धोखाधड़ी को देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर आरोपी मुकेश के विरुद्ध पाटलिपुत्र थाना में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

जिलाधिकारी ने दी सख्त चेतावनी
पटना के जिलाधिकारी (DM) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा है कि एलपीजी उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरा प्रशासनिक तंत्र उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए सजग और तत्पर है। गैस वितरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या भ्रष्टाचार पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी और होर्डिंग पर पैनी नजर
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त हिदायत दी है कि सिलेंडर की अवैध जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर तुरंत गिरफ्तारी की जाएगी। निर्धारित मूल्य से एक भी रुपया ज्यादा लेने की शिकायत पर एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गैस से जुड़ी शिकायतों पर बिना देरी किए छापेमारी करें और दोषियों को जेल भेजें। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके साथ ऐसी कोई धोखाधड़ी होती है या गैस के लिए अधिक पैसे मांगे जाते हैं, तो वे तुरंत अनुमंडल पदाधिकारी या स्थानीय थाने में इसकी सूचना दें।

