ऊपर खाली टंकी, नीचे लाखों की विदेशी शराब! बिहार में शराब तस्करी का अनोखा खेल, ऐसे हुआ भंडाफोड़

मोतिहारी। न्यूजस्टिच
एक तरफ पूरा जिला गैस की भारी किल्लत और कालाबाजारी से जूझ रहा है, तो दूसरी तरफ शराब तस्करों ने इसी मजबूरी को अपना सुरक्षा कवच बना लिया है। मोतिहारी के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले एक ट्रक से शराब तस्करी के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। खाली सिलेंडरों के बीच छिपाकर लाई जा रही लाखों रुपये की विदेशी शराब को जब्त किया गया है।

इंस्पेक्टर सिराज अहमद की सूझबूझ से मिली कामयाबी
मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर सिराज अहमद को गुप्त सूचना मिली थी कि खाली गैस सिलेंडरों की आड़ में शराब की एक बड़ी खेप की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम सक्रिय हुई और पकड़ीदयाल थाना इलाके के कोठी बाजार के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।

सिलेंडरों के बीच छिपा था लाखों का जाम
जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो ऊपर से सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था। ट्रक में खाली गैस सिलेंडर लदे थे, लेकिन जब उन्हें हटाया गया, तो टीम के होश उड़ गए। सिलेंडरों के बीच बड़ी ही चालाकी से शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। जब्त की गई शराब की कीमत बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है।

3 तस्कर गिरफ्तार, तफ्तीश जारी
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक के साथ मौजूद तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान अरविंद कुमार, कुंदन कुमार और गुड्डू साहनी के रूप में हुई है, जो पताही थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *