आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी अपना सिर पकड़ने पर मजबूर हो गई। आमतौर पर पुलिस के पास चोरी, मारपीट या धोखाधड़ी की गंभीर शिकायतें आती हैं, लेकिन यहां एक शख्स ‘मटन न गलने’ की अनोखी फरियाद लेकर थाने पहुंच गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार अनंतपुर के रहने वाले हाजी नाम के एक व्यक्ति ने स्थानीय बाजार से बड़े चाव से मटन खरीदा था। वह घर जाकर स्वादिष्ट मटन करी बनाने की तैयारी में था। हाजी ने मांस को अच्छी तरह धोकर कुकर में चढ़ाया और पकने का इंतजार करने लगा। लेकिन यहीं से उसकी वह परेशानी शुरू हुई, जो उसे सीधे पुलिस स्टेशन तक ले गई।
20 सीटियों के बाद भी पत्थर जैसा रहा मांस
हाजी का दावा है कि उसने मांस को गलाने के लिए कुकर में एक-दो नहीं, बल्कि कुल 20 सीटियां लगवाईं। सामान्यतः अच्छी गुणवत्ता वाला मटन 4 से 6 सीटियों में पूरी तरह गल जाता है, लेकिन हाजी के मामले में कहानी बिल्कुल उलट थी। 20 सीटियों के बाद भी जब उसने कुकर खोलकर देखा, तो मटन के टुकड़े जस के तस ‘पत्थर’ जैसे सख्त बने हुए थे। हाजी ने उसे दोबारा पकाने की कोशिश की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी मांस बिल्कुल नरम नहीं हुआ।
पुलिस के पास पहुंची ‘रसोई’ की शिकायत
कितना भी पकाने पर जब मटन नहीं गला, तो हाजी को जबरदस्त गुस्सा आ गया। उसे लगा कि दुकानदार ने उसे घटिया क्वालिटी का या किसी बूढ़े जानवर का बेहद सख्त मांस बेचकर उसे ठगा है। गुस्से और निराशा में उसने सीधे स्थानीय पुलिस स्टेशन का रुख किया। हाजी ने पुलिस अधिकारियों को आपबीती सुनाते हुए कहा कि उसने अपनी मेहनत की कमाई से मटन खरीदा था, लेकिन दुकानदार ने उसे धोखा दिया है।
हैरान रह गई पुलिस
हाजी की यह ‘स्वादिष्ट’ शिकायत सुनकर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। पुलिस के सामने अब यह धर्मसंकट था कि इस तरह की शिकायत पर क्या कानूनी कार्रवाई की जाए। हालांकि, पुलिस ने हाजी की बात सुनी और उसे उपभोक्ता अधिकारों के बारे में जानकारी दी। यह अजीबोगरीब घटना अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। लोग चटखारे लेकर इस खबर को शेयर कर रहे हैं कि कैसे ’20 सीटियों’ ने एक शख्स को रसोई से सीधे थाने पहुंचा दिया।

