कोडरमा। न्यूजस्टिच
झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से एक रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है। एक सनकी पति ने अपनी 4 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए ई-रिक्शा से शव को ठिकाने लगा दिया। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी पति पवन सोनार अपनी 3 साल की मासूम बेटी को लेकर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
विवाद के बाद दी खौफनाक सजा
जानकारी के अनुसार, पवन और प्रीति के बीच 4 अप्रैल की सुबह किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि झगड़े के दौरान गुस्से में आकर पवन ने प्रीति के साथ इस कदर मारपीट की कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद अपने मामा ससुर को फोन कर घटना की जानकारी दी और फरार हो गया।
प्लास्टिक में लपेटकर फेंका शव, ई-रिक्शा बरामद
पुलिस को आज गुमो के सतपुलिया के पास से एक महिला का शव बरामद हुआ, जिसे प्लास्टिक में बांधकर फेंका गया था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पति पेशे से ई-रिक्शा चालक है और उसने उसी रिक्शा का उपयोग शव को ठिकाने लगाने में किया। पुलिस ने उक्त ई-रिक्शा को पड़ोसी जिले गिरिडीह से बरामद कर लिया है, लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
मासूम बेटी की सुरक्षा पर सवाल
मृतका गिरिडीह के राजधनवार की रहने वाली थी। सबसे चिंताजनक बात यह है कि आरोपी अपनी 3 साल की बेटी को भी अपने साथ ले गया है। पुलिस की विशेष टीम और एफएसएल (FSL) की टीम मामले की सघन जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित हत्या का मामला लग रहा है।

