jitan-ram-manjhi-post-on-nitish-kumar-leaving-cm-post-bihar-politics

वी विल मिस यू नीतीश जी! जाने का गम या CM पद से हटने की खुशी? मांझी के ‘भावुक’ पोस्ट ने बिहार की सियासत में मचाई खलबली

बिहार की सियासत में अगले 24 घंटे बेहद निर्णायक माने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार के गठन की चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने एक्स (Twitter) पर एक ऐसा पोस्ट साझा किया है, जिसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। मांझी ने नीतीश कुमार को ‘महामानव’ बताते हुए उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की बात कही है।

जीतन राम मांझी ने अपने पोस्ट की शुरुआत बेहद चौंकाने वाले दावे से की है। उन्होंने लिखा, “नीतीश जी, अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगे। सबको पता है कि आपका यह ख़्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें, पर आपके इस ख़्वाब ने करोड़ों दिलों को रुला दिया है।” मांझी का यह बयान उस वक्त आया है जब नीतीश कुमार के अगले कदम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

मांझी ने नीतीश कुमार की तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें बिहार के लिए अपरिहार्य बताया है। उन्होंने आगे लिखा कि बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है, लेकिन यह पहला मौका है जब किसी के पद छोड़ने की खबर मात्र से करोड़ों लोगों की आंखों में आंसू भर आए हैं। मांझी के शब्दों में:

“भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फ़ैसला आपका अपना फ़ैसला है, जिस पर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता, पर बिहार आज ग़मज़दा है। हर बिहारी कह रहा है… वी विल मिस यू नीतीश जी… आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है।”

मांझी के इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक पंडित दो धड़ों में बंटे हैं। एक पक्ष इसे नीतीश कुमार के प्रति उनकी सच्ची हमदर्दी और सम्मान के रूप में देख रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे मांझी का ‘सियासी तंज’ मान रहा है। मांझी ने जिस ‘चारों सदनों के सदस्य’ बनने के ख्वाब का जिक्र किया है, उसे कुछ लोग नीतीश कुमार की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा पर कटाक्ष के तौर पर देख रहे हैं।

मांझी का यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या वाकई नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ रहे हैं? और अगर ऐसा है, तो मांझी को इसकी जानकारी पहले कैसे मिली? वहीं, ‘वी विल मिस यू नीतीश जी’ और ‘महामानव’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल ने समर्थकों और विरोधियों के बीच नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *