purnea-road-accident-stadium-road-tata-punch-toto-collision-one-dead

Purnia News: पूर्णिया में रफ़्तार का तांडव! तेज रफ्तार टाटा पंच ने ई-रिक्शा के उड़ाए परखच्चे, एक की मौत, तीन की हालत नाजुक

बिहार के पूर्णिया जिले में रफ्तार के जुनून ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। सोमवार देर रात शहर के पॉश इलाके इंदिरा गांधी स्टेडियम के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार टाटा पंच कार और ई-रिक्शा (टोटो) के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि पूरा इलाका दहल उठा। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई और कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 11:00 बजे के.हाट थाना क्षेत्र के गिरजा चौक और इंदिरा गांधी स्टेडियम के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों में मो.इम्तियाज और सलीम ने बताया कि एक सफेद रंग की टाटा पंच कार (नंबर BR 11 BL 1269) गिरजा चौक की ओर से बेहद तेज रफ़्तार में आ रही थी। कार चालक ने सामने चल रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की. लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण वह संतुलन खो बैठा। इसी दौरान जनता चौक से सवारी छोड़कर लौट रहा ई-रिक्शा सामने से आ गया। अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर ही दो टुकड़ों में बंट गया। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

इस दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा पर सवार मो.शहबाज पिता मो.सगीर जो जगेली मलकोल का रहने वाला था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टोटो चला रहा उसका ममेरा भाई मो.मोनतजीर निवासी मधुबनी मौलवी टोला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद घायलों को जीएमसीएच पूर्णिया ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया है। शहबाज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। मृतक के भाई ने बताया कि शहबाज रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था, लेकिन रफ़्तार के सौदागरों ने उसकी जान ले ली।

हादसे के बाद कार में सवार दो युवक जो खुद भी चोटिल हुए थे। एयरबैग खुलने के कारण बच तो गए, लेकिन भीड़ को इकट्ठा होता देख अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को कुछ दस्तावेज मिले हैं। जिनमें मधेपुरा के एक व्यक्ति का कार्ड प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति राजद का पूर्व में पंचायत अध्यक्ष भी रह चुका है। पुलिस अब गाड़ी नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश में जुटी है।

घटना की सूचना मिलते ही के.हाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर गाड़ियों की रफ़्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रहता, जिसके कारण आए दिन ऐसे हादसे होते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *