जहानाबाद। न्यूजस्टिच
बिहार के जहानाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स अपनी दो-दो पत्नियों और चार मासूम बच्चों को अधर में छोड़कर तीसरी महिला के साथ फरार हो गया। इस अनोखे मामले के खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब इंसाफ और अपने पति की तलाश की गुहार लगाने के लिए दोनों पत्नियां एक साथ नगर थाने पहुंच गई हैं। यह पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के मलहचक मोड़ पानी टंकी इलाके का है।
कैसे शुरू हुई पूरी दास्तान?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पहली पत्नी रिंकू देवी की शादी करीब 15 साल पहले शकूराबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले राजू लाल से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए। राजू लाल एक होटल में काम करता था, इसी दौरान उसकी नजदीकियां होटल में काम करने वाली खुशबू नामक महिला से बढ़ गईं। जब रिंकू देवी को इस प्रेम प्रसंग की भनक लगी, तो घर में कलह शुरू हो गई। बाद में रिंकू की सहमति से करीब 8 साल पहले राजू लाल ने खुशबू देवी से भी दूसरी शादी कर ली और दोनों पत्नियां एक साथ रहने लगीं। खुशबू से भी राजू लाल को दो बेटियां हुईं। दोनों पत्नियों का कहना है कि राजू लाल मलहचक पानी टंकी के पास किराए के मकान में रहता था और दोनों के साथ बारी-बारी से वक्त बिताते हुए परिवार चला रहा था।
तीसरी महिला पर आया दिल और हो गया फरार
सब कुछ ठीक चल रहा था कि इसी बीच राजू लाल की नजरें एक बार फिर होटल में काम करने वाली जूली नामक महिला पर टिक गईं। जूली के साथ बढ़ती नजदीकियों और फोन पर लंबी बातचीत को लेकर घर में फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते एक दिन राजू लाल अचानक घर से गायब हो गया। जब दोनों पत्नियों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की और जूली के जोलबीघा वाले घर पहुंचीं, तो पता चला कि जूली भी अपने दो बच्चों को छोड़कर राजू लाल के साथ हरियाणा फरार हो चुकी है।
बच्चों के सामने दाने-दाने का संकट
पति के इस तरह अचानक तीसरी महिला के साथ भाग जाने से दोनों पत्नियों और उनके चार मासूम बच्चों के सामने भरण-पोषण और दाने-दाने का संकट खड़ा हो गया है। बेसहारा हुई दोनों महिलाओं (रिंकू देवी और खुशबू देवी) ने नगर थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय और मदद की गुहार लगाई है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। इस मामले में फरार पति या तीसरी महिला जूली का पक्ष अभी सामने नहीं आ सका है, और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

