bihar-electricity-new-tariff-rates-april-1-time-of-day-rule

बिहार में बिजली बिल का नया गणित: 1 अप्रैल से दिन में 20% सस्ती और शाम को 10% महंगी होगी बिजली, होगी ₹90 की सीधी बचत

पटना। न्यूजस्टिच
बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए 1 अप्रैल 2026 से बिजली बिलिंग की व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। बिहार विद्युत विनियामक आयोग (BERC) ने राज्य की दोनों वितरण कंपनियों (NBPDCL और SBPDCL) में ‘टाइम ऑफ डे’ (ToD) टैरिफ लागू करने का आदेश जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नियम उपभोक्ताओं पर बोझ नहीं, बल्कि सही प्रबंधन से सीधी बचत का अवसर है।

क्या है नया नियम? (घड़ी देखकर जलेगी बिजली)
नई व्यवस्था के तहत अब 24 घंटे बिजली की दर एक समान नहीं रहेगी। इसे तीन हिस्सों में बांटा गया है। ऑफ-पीक (सुबह 9 से शाम 5 बजे तक) के दौरान सौर ऊर्जा की उपलब्धता अधिक होने के कारण बिजली सामान्य दर से 20% सस्ती मिलेगी। पीक ऑवर्स (शाम 5 से रात 11 बजे तक) के समय मांग अधिक होने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं को 10% अतिरिक्त शुल्क देना होगा। अन्य श्रेणियों के लिए यह 120% (20% अतिरिक्त) होगा। सामान्य अवधि (रात 11 से सुबह 9 बजे तक) के दौरान सामान्य दरें ही प्रभावी रहेंगी।

अफवाहों पर न दें ध्यान, ऐसे होगी बचत
बिजली विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार यदि उपभोक्ता अपने उपयोग का कुछ हिस्सा पीक समय से हटाकर ऑफ-पीक समय में कर दें तो हर महीने लगभग 90 रुपये तक की बचत संभव है। इससे न केवल उपभोक्ताओं का खर्च घटेगा, बल्कि बिजली व्यवस्था पर दबाव भी कम होगा। उदाहरण स्वरूप शहरी घरेलू उपभोक्ता यदि प्रतिदिन मात्र 2 यूनिट बिजली शाम की पीक अवधि से हटाकर दिन की ऑफ-पीक अवधि में उपयोग करें तो प्रतिदिन ₹2.96 की बचत होती है। जो प्रतिमाह लगभग ₹89.00 बनती है। यह बचत बिना कुल खपत घटाए केवल उपयोग का समय बदलने से संभव है।
इस प्रकार सभी स्मार्ट प्री-पेड मीटर एवं 10 किलोवाट से अधिक भार वाले घरेलू उपभोक्ता का। रोजाना 10 घंटे के खपत पर सामान्य दर आठ घंटे के खपत पर सामान्य दर का 80% एवं मात्र छ घंटे के खपत पर सामान्य दर से मात्र 10% की दर ही अधिक भुगतान करना होगा। अगर उपभोक्ता उपरोक्त समयानुसार योजनाबद्ध तरीके से खपत करते है तो उन्हें बिजली बिल में व्यापक बचत होगी।

किन पर लागू होगा यह नियम?
कृषि क्षेत्र को छोड़कर वे सभी उपभोक्ता जिनका लोड 10 किलोवाट (10 KV) से अधिक है। राज्य के वे सभी उपभोक्ता जिनके यहाँ स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगा हुआ है।

90% घरेलू उपभोक्ताओं का बिल अभी भी शून्य
प्रेस विज्ञप्ति में दोहराया गया है कि राज्य में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा पहले की तरह जारी है। इस कारण लगभग 90% घरेलू उपभोक्ताओं का मासिक बिल अभी भी शून्य ही रहेगा। विभाग ने अपील की है कि उपभोक्ता भारी उपकरणों (जैसे मोटर, वाशिंग मशीन, गीजर) का उपयोग दिन में करें ताकि 20% छूट का लाभ उठा सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *