bihar leaders reactions on nitish kumar rajya sabha nomination tejashwi yadav manoj jha

हमने कहा था 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे! भाजपा ने नीतीश को किया हाईजैक? तेजस्वी समेत नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरें आने के बाद से ही 5 मार्च से जहां जदयू कार्यकर्ताओं में हलचल बढ़ गई थी। वहीं सीएम के फैसले ने बिहार की राजनीतिक फिजा में गरमाहट ला दी थी। इस सबके बीच 6 मार्च को सुबह गृहमंत्री अमित साह पटना पहुंचे, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और गृहमंत्री के समझ नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना पर्चा भर दिया। इसके बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी का दौरा शुरू हुआ। जिसमें राजद ने सीएम के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। हम यहां आपके लिए नेताओं की प्रतिक्रिया लेकर आए हैं। पढ़िए नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले पर किस नेता ने क्या कहा….।

RJD नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, “सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में NDA ने ये नारा दिया था कि ‘2025 से 30 फिर से नीतीश’। भाजपा और NDA के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार से तंत्र-मंत्र और पूरा सिस्टम लगाकर चुनाव हुआ। उस समय में भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे। हमने कहा था कि वे 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे… भाजपा जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करने का काम किया है। भाजपा OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे(भाजपा) नहीं चाहते हैं कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो OBC या दलित की बात करता हो, वे तो कोई ‘रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री’ चाहते हैं। ये जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, ये जन भावनाओं के खिलाफ है। लोग भाजपा के चाल-चरित्र को जानते हैं। हमने नीतीश कुमार के साथ भी काम किया है लेकिन ज्यादातर हम विपक्ष में गए थे। 28 जनवरी 2024 में जब वे(JDU) हमारा साथ छोड़कर गए थे, तब भी हमने कहा था कि भाजपा जो है वो उन्हें समाप्त करेगी। हमारी पूरी सहानुभूति है उनके प्रति, उन्होंने बिहार की जो सेवा की, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देना चाहते हैं।”

JDU नेता के.सी. त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा है कि “नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता। उन्होंने नया बिहार बनाया है। जैसे कर्पुरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह जिंदा है, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे… जाहिर है कि इससे सदन की भी गरिमा बढ़ेगी, बहस का स्तर ऊंचा होगा और यूं भी ख्याति व अच्छे बौद्धिक ज्ञान के चलते उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिला था।”

राजद नेता मनोज कुमार झा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, “तमाम बातें अपनी जगह, ये नीतीश कुमार की भाषा नहीं है। विरोध और समर्थन दोनों में हम उनके साथ रहे हैं। ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया है। कितना बचकाना लगता है ये सुनना भी… ये कोई बात हुई? सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं राज्यसभा में जाना चाहता हूं… इसकी गूंज कई वर्षों तक रहेगी… हम(राजद) राजनीतिक तौर पर संघर्ष करेंगे… बिहार की धरती में इस तरह के प्रयोग महाराष्ट्र की तरह सफल हो जाएंगे, इसकी मुझे शंका है।”

बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, “आज मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके बताया कि राज्यसभा एक सदन ऐसा था जिसके वे सदस्य नहीं बने थे तो उनकी प्रबल इच्छा थी कि वे राज्यसभा के सदस्य बने। उन्होंने कहा है कि विकसित बिहार के सपने को पूरा करने के लिए उनकी ओर से हर समय बिहार सरकार को मदद रहेगी…”

RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर अचानक से कल से देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इतनी जल्दी चुनाव के बाद भाजपा हटा देगी, इसका अनुमान किसी को नहीं था लेकिन हमारे नेता तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि भाजपा JDU को बर्बाद कर देगी और नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल करेगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, “ये तो समझ नहीं आ रहा कि आपने चुनाव लड़ा, अपने चेहरे पर लड़ा, वोट बटोर लिए, जनता ने आपको चुनकर भेजा… नीतीश कुमार ने पहले भी कई बार अपना मन बदला है। कभी इस पाले में या कभी उस पाले में। अब सुनने में आ रहा है कि वे दिल्ली आ रहे हैं… जो कुछ भी हो रहा है ये जनता को धोखे में रख कर किया गया है। अगर आप 6 महीने पहले बोल देते कि आपको राज्यसभा में जाना है तो हो सकता है कि बिहार चुनाव के परिणाम कुछ और आते।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, “नीतीश कुमार जनाधार वाले एक लोकप्रिय और अनुभवी राजनेता रहे हैं…वो राज्यसभा जाना चाहते हैं…नीतीश कुमार अपनी पार्टी के प्रति हित चिंतन रखने वाले व्यक्तित्व हैं और उनका आशीर्वाद बिहार को मिलता रहेगा, ऐसा उन्होंने कहा है…मैं प्रसन्न हूं कि नीतीश कुमार राज्यसभा आएंगे।

RJD नेता शक्ति सिंह यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, “एक मुख्यमंत्री जो 202 की संख्या पर जीतकर आया हो और उस मुख्यमंत्री को धक्का देकर राज्यसभा में जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है कि आप मुख्यमंत्री पद छोड़ दीजिए, आपका काम समाप्त हो चुका है। जनता दल में कई खंड हैं… इस खंड के खिलाफ कई लोग हैं, उनके कार्यकर्ता आक्रोशित हैं… नीतीश कुमार के लिए राज्यसभा क्या था? वे जब चाहते चले जाते… जो नीतीश कुमार के साथ हुआ, ये ‘महाराष्ट्र मॉडल’ का नया वर्जन है। वे बजट सत्र तक पार नहीं कर पाए।

बिहार सरकार में मंत्री सुरेंद्र मेहता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, ” उन्होंने खुद ही पोस्ट की है कि वे वहां(राज्यसभा में) जाना चाहते हैं, नई सरकार बनेगी… निशांत कुमार को बहुत पहले ही राजनीति में आना चाहिए था। आ रहे हैं ये अच्छी बात है।

कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, “…हम चुनाव प्रचार के दौरान भी ये बात कहते थे कि जो भाजपा की राजनीतिक रणनीति रही है, उससे ये समझा जा सकता था… उसी राजनीतिक प्रक्रिया के तहत उन्हें(नीतीश कुमार) भी राज्यसभा में भेजा जा रहा है।” उन्होंने कांग्रेस सांसद जयराम रमेश के बयान पर कहा, “वोट तो निश्चित तौर पर नीतीश कुमार के नाम से लिया गया था। ये सच्चाई है लेकिन नीतीश कुमार का तो अपना फैसला है। मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि ये साजिश है। इसमें साजिश क्या है? जब नीतीश कुमार ने खुद घोषणा की। वे खुद कह रहे हैं कि वे राज्यसभा जा रहे हैं। मैं इसे साजिश से ज्यादा सहमति के रूप में देखता हूं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *