पटना । न्यूज़स्टिच
बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना केंद्र ने सोमवार शाम को राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए ‘तत्काल मौसम चेतावनी’ (Nowcast) जारी की है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए राज्य के 37 जिलों के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटों के भीतर मध्यम दर्जे के मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की प्रबल संभावना जताई है।

इन जिलों में बरते विशेष सावधानी
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के कुल 37 जिलों के 516 प्रखंड इस मौसम परिवर्तन से प्रभावित हो सकते हैं। प्रभावित जिलों की सूची में अररिया, अरवल, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भभुआ, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, जहानाबाद, जमुई, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, रोहतास, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल और वैशाली शामिल हैं।
60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी (Gusty Winds) चलने की संभावना है। साथ ही मध्यम दर्जे की बारिश और बिजली गिरने (Thunderstorm & Lightning) की भी आशंका है। यह चेतावनी आज रात 09:35 PM तक के लिए प्रभावी है।
विभाग ने जारी किए सुरक्षा निर्देश
खराब मौसम को देखते हुए मौसम केंद्र ने लोगों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- सतर्क और सावधान रहें: लोगों से आग्रह किया गया है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें।
- पक्के मकान की शरण लें: यदि आप खुले में हैं, तो शीघ्र ही किसी सुरक्षित पक्के मकान में चले जाएं।
- पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें: बिजली गिरने की स्थिति में ऊंचे पेड़ों और बिजली के पोल के नीचे खड़ा होना जानलेवा हो सकता है।
- किसानों के लिए सलाह: खेतों में काम कर रहे किसान मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थान पर रहें और खुले मैदान में जाने से बचें।

