गिरिराज सिंह ने राहुल को नकली गांधी कहा

राहुल नकली गांधी! कांग्रेस नेता पर बरसे गिरिराज सिंह, RSS को समझने के लिए कई जन्म लेना होगा

अपने तीन दिवसीय दौरे पर बेगूसराय पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने आज विभिन्न मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के फैसले का समर्थन करने से लेकर कांग्रेस आलाकमान पर निजी हमले करने तक, कई बड़े बयान दिए। उन्होंने पूरे गांधी परिवार को नकली गांधी करार दिया है। वहीं बिहार पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने राज्य में खुले में मांस की बिक्री पर रोक का समर्थन किया है।

गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार के उस कदम की सराहना की, जिसमें खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाने की बात कही गई है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को धन्यवाद देते हुए कहा, खुले में मांस काटना और बेचना न केवल स्वच्छता के विरुद्ध है, बल्कि यह पर्यावरण और प्रदूषण की दृष्टि से भी हानिकारक है। मैं बेगूसराय सहित प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM) से अनुरोध करता हूँ कि इस आदेश पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे द्वारा आरएसएस (RSS) की तुलना शैतान से किए जाने पर गिरिराज सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संघ को समझने के लिए न केवल प्रियांक खड़गे, बल्कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी कई जन्म लेने पड़ेंगे। उन्होंने इसे एक निंदनीय और भद्दी टिप्पणी करार दिया।

यूपी में कांग्रेस द्वारा मनरेगा के मुद्दे पर विधानसभा घेराव की घोषणा पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी की टीम को ‘झूठ बोलने का ठिका’ बताया। उन्होंने कहा:

राहुल गांधी और उनकी टीम का काम देश में नफरत फैलाना है। राहुल गांधी ‘नकली गांधी’ हैं और उनका पूरा खानदान नकली है। उनके दादा फिरोज गांधी थे, तो इनका गांधी नाम से क्या लेना-देना?

इतना ही नहीं, उन्होंने प्रियंका गांधी के पारिवारिक फैसलों पर भी टिप्पणी करते हुए इसे ‘वोट की राजनीति’ से जोड़ा।

अमेरिका के साथ कृषि समझौते और मनरेगा योजना पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के कृषि और वाणिज्य मंत्री पहले ही स्पष्ट बयान दे चुके हैं, लेकिन कांग्रेस को सरकार पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल किसानों और मजदूरों के बीच भ्रम और नफरत पैदा करना चाहती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *