• gyan-sangam-2026-purnea-national-literary-cultural-festival-vidya-vihar-school

PURNEA NEWS : यहां जुटेंगे देश भर के दिग्गज, लगेगा साहित्य और संस्कृति का महाकुंभ

बिहार की साहित्यिक और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पहचान रखने वाला पूर्णिया एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाने को तैयार है। आगामी 24 से 26 अप्रैल 2026 तक पूर्णिया के विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल (VVRS), परोरा के प्रांगण में तीन दिवसीय राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक उत्सव “ज्ञान संगम 2026 – विचारों का संगम (Confluence of Ideas)” का आयोजन किया जा रहा है।

इस भव्य आयोजन को लेकर बुधवार को नवरतन हाता स्थित ‘विद्या विहार करियर प्लस’ परिसर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।

प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से सब-हिमालयन रिसर्च इंस्टीट्यूट (SHRI) के डॉ. रमन, विद्या विहार ग्रुप के राजेश मिश्रा, बाल कल्याण समिति के चेयरपर्सन सुमित प्रकाश और जन मन पीपल फाउंडेशन के निदेशक शौर्य रॉय ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि ज्ञान संगम का उद्देश्य पूर्णिया को पूर्वी भारत के एक प्रमुख बौद्धिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

सब-हिमालयन रिसर्च इंस्टीट्यूट (SHRI) द्वारा आयोजित इस उत्सव का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र की समृद्ध विरासत को पुनर्जीवित करना है। यह आयोजन भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के अनुरूप पूर्वोत्तर भारत और पड़ोसी क्षेत्रों के साथ सांस्कृतिक संवाद को सशक्त करेगा। उत्सव में विशेष रूप से युवा लेखकों और विद्यार्थियों के बीच बहुभाषावाद, अनुवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

ज्ञान संगम 2026 के दौरान विविध सत्रों का आयोजन होगा, जिनमें शामिल हैं:

  • पैनल चर्चा और संवाद: देश के प्रख्यात विद्वानों और शोधकर्ताओं के बीच समसामयिक विषयों पर मंथन।
  • साहित्यिक सत्र: काव्य पाठ, कथा-गोष्ठी और युवा रचनाकारों के लिए विशेष मार्गदर्शन सत्र।
  • प्रदर्शनी: पुस्तक मेला, कला एवं शिल्प प्रदर्शनी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी।
  • सांस्कृतिक संध्या: 24 अप्रैल को उद्घाटन सत्र के बाद प्रतिष्ठित हस्तियों को समर्पित एक भव्य संगीतमय शाम आयोजित की जाएगी।

इस उत्सव को भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, ICICI बैंक, IDBI बैंक, विद्या विहार करियर प्लस और INTACH (पूर्णिया चैप्टर) जैसे बड़े संस्थानों का सहयोग प्राप्त है। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि विचारों का आदान-प्रदान करने का एक वैश्विक मंच है।

आमजन से भागीदारी की अपील आयोजन समिति ने पूर्णिया और आसपास के जिलों के छात्रों, शिक्षाविदों, लेखकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस उत्सव में सक्रिय रूप से शामिल होकर इसे सफल बनाएँ। आयोजकों का मानना है कि ‘ज्ञान संगम’ पूर्णिया की बौद्धिक गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *