खगड़िया। न्यूजस्टिच
जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश और आंधी-तूफान ने अन्नदाताओं की कमर तोड़ दी है। खेतों में लहलहाती मक्का, गेहूं और सरसों की फसलें या तो पानी में डूब गई हैं या मटियामेट हो गई हैं। किसानों की इस बदहाली पर खगड़िया सदर विधायक बबूल कुमार मंडल ने गहरी चिंता जताते हुए रविवार को प्रेस वार्ता की और सरकार से अविलंब राहत पैकेज की मांग की है। इसको लेकर सीएम नीतीश कुमार को चिट्ठी भी लिखी है.
खेतों में दफन हुई महीनों की मेहनत
विधायक ने बताया कि बेमौसम बारिश से न केवल रबी फसलें बर्बाद हुई हैं, बल्कि आम और लीची के बागवानों को भी भारी चपत लगी है। तेज हवाओं के कारण फल गिर गए हैं और गुणवत्ता प्रभावित हुई है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसान पहले ही कई मोर्चों पर जूझ रहा है, ऐसे में इस प्राकृतिक आपदा ने उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा कर दिया है।
सर्वे टीम और बटेदारों के हक की मांग
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने जिला प्रशासन से मांग की कि तुरंत विशेष सर्वे टीम गठित कर क्षति का आकलन किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बटेदारों (Sharecroppers) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन्हें भी सरकारी मुआवजे का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जिले की भयावह स्थिति से अवगत कराया है और त्वरित आर्थिक सहायता की अपील की है।
राजनीतिक गलियारे में हलचल
प्रेस वार्ता में पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष राज कुमार फोगला, जेडीयू बेगूसराय प्रभारी उमेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष दीपक सिन्हा, जिला कोषाध्यक्ष संदीप केडिया, जिला उपाध्यक्ष रामबिलास महतो, नगर अध्यक्ष प्रभात शर्मा, संतोष कु. साह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।विधायक ने भरोसा दिलाया कि वे किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे। इधर, खेतों की हालत देख किसानों में भारी निराशा है, उनकी सारी उम्मीदें अब सरकारी सर्वे और मुआवजे पर टिकी हैं।

