बिहार के मधेपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम और विश्वास के नाम पर एक किशोरी की अस्मत लूटी गई। जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पीड़िता की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्यार का जाल और मंदिर में विश्वासघात
पीड़िता के अनुसार, गांव के ही रोशन कुमार ने उसे प्रेम जाल में फंसाया था। शादी का झांसा देकर रोशन ने उसे एक मंदिर परिसर में बुलाया। किशोरी जब वहां पहुंची, तो उसे अहसास नहीं था कि जिसे वह अपना हमसफर मान रही थी, वह उसके लिए काल बनकर आया है। आरोप है कि वहां रोशन ने अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
बेहोशी की हालत में छोड़ा, सबूत मिटाने की कोशिश
दरिंदगी के बाद आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल छीन लिया और उसका सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। उसे लहूलुहान और बेहोशी की हालत में मंदिर परिसर में ही छोड़कर आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मानसिक सदमे में पीड़िता ने की जान देने की कोशिश
इस जघन्य अपराध ने किशोरी को मानसिक रूप से इस कदर तोड़ दिया कि उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। हालांकि, उसे बचा लिया गया, लेकिन सदमे और शारीरिक स्थिति बिगड़ने के कारण उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराना पड़ा है।
पुलिसिया कार्रवाई: मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना में केस नंबर 03/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस रिलीज में घटना की पुष्टि की गई है कि शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया।
मुख्य आरोपी रोशन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
हालांकि, इस संवेदनशील मामले पर पुलिस के वरीय अधिकारी फिलहाल कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, लेकिन लिखित बयान में उन्होंने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

