न्यूजस्टिच। मोतिहारी
बिहार के मोतिहारी जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में एक महिला शिक्षक के पति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जिला शिक्षा विभाग ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी (CCTV) फुटेज जारी कर दिया है, जिससे मौत के ठीक पहले की स्थिति साफ हुई है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित अरविंद कुमार, जो कि महिला शिक्षिका रश्मी स्वराज के पति थे, कार्यालय परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। चश्मदीदों और सूत्रों के अनुसार: अरविंद कुमार के गिरते ही वहां मौजूद आस-पास के लोगों और कर्मियों ने उन्हें तुरंत संभालने और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
DEO ने दिए जांच के आदेश, बनाई कमेटी
इस संवेदनशील मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राजन कुमार गिरि ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और विभाग इसकी तह तक जाएगा। DEO राजन कुमार गिरि ने मुख्य रूप से दो बिंदुओं पर जांच के आदेश दिए हैं। कार्यालय के चक्कर क्यों काट रहे थे मृतक? आखिर किन कारणों से अरविंद कुमार को लगातार सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे? वेतन रोकने का क्या था कारण? महिला शिक्षिका रश्मी स्वराज का वेतन आखिर क्यों बंद किया गया था और इस पूरी प्रक्रिया में कहां और किस स्तर पर गड़बड़ी हुई?
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने बतलाया कि शिक्षिका का वेतन क्यों बंद था और उनके पति को कार्यालय क्यों आना पड़ रहा था, इसकी पूरी बारीकी से जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आते ही जो भी अधिकारी या कर्मी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ बेहद सख्त और बड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इस घटना के बाद से ही शिक्षा विभाग की कार्यशैली को लेकर स्थानीय स्तर पर काफी आक्रोश देखा जा रहा था। पीड़ित परिवार का आरोप था कि वेतन शुरू कराने के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा था। अब सीसीटीवी फुटेज आने और डीईओ द्वारा जांच कमेटी गठित किए जाने के बाद इस मामले में शामिल दोषियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
