motihari-lightning-strike-death-four-people-including-two-children-sugauli

मोतिहारी में कुदरत का कहर: आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत 4 की मौत, गांव में पसरा मातम

मोतिहारी। न्यूजस्टिच
बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में आफत की बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वज्रपात की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों सहित कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सबसे हृदयविदारक घटना सुगौली प्रखंड में हुई, जहां खेल रहे बच्चे कुदरत के इस कहर का शिकार हो गए।

सुगौली में खेल रहे बच्चों पर गिरी बिजली
सुगौली प्रखंड के उत्तरी छपरा बहास कैथवलिया गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब खेत में खेल रहे तीन बच्चे अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। मृतकों में अंशू कुमार और सन्नी देवल कुमार के रूप में पहचान हो गई है। घायल में मंतोष कुमार शामिल है। जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

रामगढ़वा और मुफ्सील में भी मौतें
सिर्फ सुगौली ही नहीं, बल्कि जिले के रामगढ़वा और मुफ्सील थाना क्षेत्रों में भी आसमानी बिजली ने दो और लोगों की जान ले ली। इस तरह जिले में आज वज्रपात से मरने वालों की कुल संख्या चार हो गई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ चार मौतों की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *