पूर्णिया मर्डर मिस्ट्री: दोस्त के घर से निकले रिटायर इंजीनियर की नदी में मिली लाश, बेटे ने कहा-साजिश के तहत हुई हत्या

जिले के मरंगा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। विद्युत विभाग से रिटायर्ड इंजीनियर चंद्रशेखर प्रसाद, जो तीन दिनों से लापता थे, उनका शव शुक्रवार (20 फरवरी) को लालगंज स्थित सौरा नदी से बरामद किया गया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के पुत्र और खगड़िया में जल संसाधन विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर मनीष कुमार ने गंभीर सवाल उठाते हुए इसे एक सोची-समझी हत्या करार दिया है।

सुदीन चौक, ततमा टोली के निवासी चंद्रशेखर प्रसाद 17 फरवरी की शाम करीब 6:00 बजे अपने एक दोस्त से मिलने के लिए घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, रात 10:00 बजे उनके दोस्त ने उन्हें सुदीन चौक के पास छोड़ा भी था, लेकिन वे घर वापस नहीं लौटे।

मृतक के पुत्र और ल संसाधन विभाग के एक्जीक्यूटिव मनीष कुमार ने बताया कि पिता के लापता होने के बाद जब जांच की गई, तो नेवालाल चौक के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में वे नजर आए। फुटेज में दिख रहा है कि किसी बाइक से हल्की चोट लगने के बाद वे गिर गए थे। उसके बाद वे मानसिक रूप से थोड़े असहज दिखे और हाथ में जूता लेकर लालगंज की ओर पैदल ही निकल गए। हैरानी की बात यह है कि रात करीब 1:00 बजे उन्होंने खुद फोन के माध्यम से घर पर सूचना दी थी कि वे कहीं फंस गए हैं, लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और संपर्क टूट गया।

परिजनों का आरोप है कि घटना की रात ही मोबाइल लोकेशन लालगंज स्थित सौरा नदी के पास मिली थी। पुलिस टीम वहां पहुंची भी थी, लेकिन उस वक्त कोई ठोस तलाशी अभियान नहीं चलाया गया। आखिरकार 20 फरवरी की सुबह उसी नदी से उनका शव बरामद हुआ।

मनीष कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि उनके पिता के शव की हालत देखकर कई संदेह पैदा हो रहे हैं। ठंड के बावजूद उनके बदन से कीमती गर्म कपड़े और स्वेटर गायब थे। शव की पहचान केवल बनियान (गंजी) और मोजों से हो पाई। उनके पास मौजूद नकदी और अन्य सामान भी गायब मिले हैं।परिजनों का स्पष्ट कहना है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से उनकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मरंगा थाना पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों ने जिला प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और इंसाफ की गुहार लगाई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *