पूर्णिया। न्यूजस्टिच
जवाहर नवोदय विद्यालय पूर्णिया के प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी सुमित का पटना रीजन अंडर-14 फुटबॉल टीम के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सुमित ने क्षेत्रीय फुटबॉल ट्रायल-2026 में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की टीम में जगह बनाई है।
जवाहर नवोदय विद्यालय खोरनाडीह में आयोजित पटना रीजन क्षेत्रीय फुटबॉल ट्रायल-2026 में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी क्षमता, खेल कौशल, टीमवर्क और मैदान पर प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। अंडर-14 वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। सुमित ने ट्रायल के दौरान बेहतरीन खेल कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पर उन्हें पटना रीजन अंडर-14 टीम में शामिल किया गया है।
सुमित के चयन की जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय पूर्णिया के स्पोर्ट्स कोच शुभम आनंद ने दी। उन्होंने बताया कि सुमित प्रशिक्षण के दौरान नियमित रूप से मेहनत करता है और खेल के प्रति उसका समर्पण सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सुमित ने अपनी फिटनेस, अनुशासन और तकनीकी क्षमता में लगातार सुधार किया है। यह चयन उसके कठिन परिश्रम का परिणाम है।
स्पोर्ट्स कोच शुभम आनंद ने सुमित को आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उसके खेल करियर के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। विद्यालय परिवार ने भी सुमित को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जवाहर नवोदय विद्यालय पूर्णिया और बिहार का नाम रोशन करेगा।

