Purnia Baisi Anwar Alam Murder Case Site

आपसी विवाद में रिश्तों का कत्ल! जीजा ने की साले की गला रेतकर हत्या

बिहार के पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर गांव से रूह कपा देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहाँ रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक शख्स ने अपने ही साले की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान गोविंदपुर निवासी अनवर आलम के रूप में हुई है, जो पेशे से एक युवा व्यवसायी था।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अनवर आलम मुढ़ी (मुरमुरा) मिल चलाता था। पहले इस व्यवसाय में उसका बहनोई भी साझीदार था, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए थे। इसी बंटवारे और कारोबार को लेकर पिछले काफी समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि बहनोई ने पहले भी कई बार अनवर को जान से मारने की धमकी दी थी।

घटना की रात अनवर आलम अपने भाई को बस पर बैठाकर बायसी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया। हत्यारों ने पहले धारदार हथियार से उसका गला रेता और फिर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को सड़क किनारे पानी से भरे एक गड्ढे में फेंक दिया।

देर रात तक अनवर के घर न लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढे में शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर अनवर की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिस पर खून के धब्बे पाए गए हैं।

सूचना मिलते ही बायसी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस फिलहाल पारिवारिक विवाद और बहनोई की भूमिका को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। चरैया पंचायत के मुखिया अबू बकर ने इस क्रूर हत्याकांड की निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। गौरतलब है कि अनवर की शादी महज 14 महीने पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। इस घटना के बाद से मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।