पूर्णिया। न्यूजस्टिच
भारत सरकार द्वारा लंबे अंतराल के बाद देशव्यापी जनगणना का महाभियान शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। पूर्णिया जिले में इस ऐतिहासिक कार्य की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल होगी। जिसका पहला चरण कल यानी 17 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा।
डिजिटल होगी गणना, वेबसाइट पर खुद देनी होगी जानकारी
मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि यह जनगणना कई महत्वपूर्ण चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण की प्रक्रिया 17 अप्रैल से शुरू हो रही है, जिसमें नागरिकों से कुल 32 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस बार की सबसे खास बात यह है कि नागरिकों को जनगणना फॉर्म खुद से ऑनलाइन भरना होगा। इसके लिए भारत सरकार ने सेंसेक्स की एक विशेष वेबसाइट जारी की है। लोग इस पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
आर्थिक जनगणना भी होगी साथ
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सामान्य जनगणना के साथ-साथ इस बार आर्थिक जनगणना का कार्य भी समानांतर रूप से चलेगा। इससे न केवल आबादी के आंकड़े स्पष्ट होंगे, बल्कि देश की आर्थिक स्थिति और संसाधनों के वितरण की सटीक जानकारी भी मिल सकेगी।
जनता से अपील, राष्ट्र हित में भरें सही डेटा
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने पूर्णिया के सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह राष्ट्र हित का कार्य है, इसलिए सभी लोग निश्चित रूप से वेबसाइट पर जाकर अपनी जानकारी सही-सही भरें।

