हर दिन की तरह बस-चालक जुगेश यादव (35) बुधवार की शाम जब मरंगा थाना क्षेत्र के जाफरी नगर स्थित घर लौटने को था तो रास्ते से पत्नी पूजा को फ़ोन पर कहा ‘आज चैत्र नवरात्रि की सप्तमी है।आज देवी को खीर का भोग लगाया जाता है,मेरा इंतज़ार करना, दूध लेकर आ रहा हूँ’। पत्नी जुगेश का इंतजार करती रही, लेकिन जुगेश की जगह घर उसका शव आया.बस स्टैंड से घर आने के क्रम में जुगेश की हत्या चाकू से गोद कर अपराधियों ने कर दिया। शव के पास विलखती पत्नी कहती है पहली पत्नी ने अपने जीजा के साथ मिलकर मेरे पति की हत्या करवा दी।
पहली पत्नी का था जीजा से लगाव, जुगेश ने की दूसरी शादी
जुगेश मूल रूप से रुपौली थाना क्षेत्र के मतैली का निवासी था।वर्ष 2014 में उसने परिवार की पसंद से मुन्नी देवी से विवाह किया था।मुन्नी देवी को जुगेश से तीन बच्चे भी हुए लेकिन, मुन्नी देवी की अपने जीजा नीरज यादव से लगातार नजदीकियों की वजह से जुगेश के मुन्नी देवी से रिश्ते बिगड़ते चले गए ।इसी बीच जुगेश की मुलाकात पूजा से हुई जो पूर्व में विवाहिता थी लेकिन पति से अलग रह रही थी।मुलाकात नजदीकियां में तब्दील हुई और दोनों ने वर्ष 2023 में विवाह कर लिया।खास बात यह थी कि जुगेश की पत्नी के तीनों बच्चे की परवरिश पूजा अपने दोनों बच्चे के साथ ही कर रही थी। जुगेश अपना पैतृक घर छोड़ पूर्णिया शहर में भाड़े के घर मे रह रहा था।जबकि, मुन्नी देवी अपने जीजा नीरज यादव के साथ रह रही है।
न्यायालय में पहली पत्नी और उसके जीजा ने दी थी हत्या की धमकी
जब जुगेश ने दूसरी शादी की तो मुन्नी देवी ने जुगेश पर मुकदमा कर दिया और मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।एक सप्ताह पूर्व न्यायालय में तारीख के दिन जुगेश की मुलाकात मुन्नी देवी और नीरज यादव से हुई थी पूजा के अनुसार, तब दोनों ने जुगेश को हत्या की धमकी दिया था। इस धमकी की पुष्टि मृतक के पिता महादेव यादव भी करते हैं।बहरहाल, मुन्नी देवी और नीरज यादव फरार बताए जाते हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

