Sports News: मधेपुरा में पूर्णिया के ‘लिटिल स्टार्स’ का जलवा! शतरंज प्रतियोगिता में जीते कई खिताब, अंडर-9 वर्ग में दबदबा

मधेपुरा/पूर्णिया। न्यूजस्टिच
मधेपुरा जिला शतरंज संघ के तत्वाधान में आयोजित एकदिवसीय बिहार स्टेट ओपन चेस चैंपियनशिप 2026 में पूर्णिया के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मधेपुरा कॉलेज परिसर में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में पूर्णिया के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए।

अंडर-9 वर्ग में पूर्णिया का दबदबा
प्रतियोगिता के अंडर-9 आयु वर्ग में पूर्णिया के खिलाड़ियों ने क्लीन स्वीप करते हुए शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। अधर्व सिंह ने प्रथम, आरव सिंह ने द्वितीय और शिवांश धैर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। इन बच्चों की इस उपलब्धि पर उनके कोच अमृत साजन ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ये होनहार खिलाड़ी भविष्य के बड़े सितारे हैं और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाएंगे।

सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का विशेष पुरस्कार
प्रतियोगिता में एक और विशेष आकर्षण पूर्णिया के अक्षित आनंद रहे। उन्हें पूरी प्रतियोगिता में ‘सबसे कम उम्र के खिलाड़ी’ का विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इतनी कम उम्र में शतरंज की बिसात पर उनके सधे हुए चालों की सभी ने सराहना की।

सीनियर वर्ग में भी मिली सफलता
सिंनियर एवं ओपन ग्रुप की बात करें तो यहाँ भी पूर्णिया के खिलाड़ियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। कड़े मुकाबले के बीच पूर्णिया के सागर दास चौथे स्थान पर और आर्यन कुमार पांचवें स्थान पर रहे। दोनों ही खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नकद राशि और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस चैंपियनशिप में मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, बेगूसराय और नालंदा सहित विभिन्न जिलों के कुल 75 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। पूर्णिया जिला शतरंज संघ के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने सफल खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *