tejashwi-yadav-letter-to-cm-nitish-kumar-crop-damage-compensation-bihar

जाति देखेंगे या इंसाफ करेंगे? तेजस्वी यादव ने CM सम्राट चौधरी को दी खुली चुनौती, जानिये मुजफ्फरपुर में क्या हुआ है

बिहार में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और कानून के राज के दावों के बीच विपक्षी दल के नेता तेजस्वी यादव ने एक ऐसा वीडियो साझा किया है। जिसने सूबे की सियासत में भूचाल ला दिया है। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर मुजफ्फरपुर के भाजपा विधायक रंजन कुमार का वीडियो पोस्ट करते हुए आरोप लगाया है कि सत्ता के नशे में चूर विधायक अपने दो दर्जन गुर्गों के साथ एक आम नागरिक के घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव द्वारा जारी किए गए वीडियो के साथ दावा किया गया है कि मुजफ्फरपुर के वार्ड-48 में भाजपा विधायक रंजन कुमार ने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए एक परिवार के साथ मारपीट और तांडव मचाया। तेजस्वी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो विधायक की बात नहीं सुनता, उसके साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है। इस वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन और सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यक्षमता पर सवाल खड़ा किया है। तेजस्वी ने पूछा, क्या बड़बोले मुख्यमंत्री में हिम्मत है कि वे अपने इस गुंडे विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई करें? उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री में ऐसा करने की हिम्मत नहीं है क्योंकि वे कार्रवाई से पहले ‘जाति’ देखेंगे। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष की कोई सुनवाई नहीं हो रही है और गोदी मीडिया भी इस मुद्दे पर चुप है क्योंकि आरोपी विपक्ष का नहीं बल्कि सत्ताधारी दल का है।

सम्राट चौधरी की सरकार लगातार अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति का दावा करती रही है। लेकिन तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए ये आरोप और सार्वजनिक किया गया वीडियो सरकार की छवि के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि क्या सरकार अपने ही विधायक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएगी या फिर विपक्ष के इन आरोपों को महज राजनीतिक स्टंट बताकर पल्ला झाड़ लेगी? फिलहाल, इस वीडियो के वायरल होने के बाद मुजफ्फरपुर में तनाव का माहौल है और विपक्षी दल इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की बड़ी रणनीति बना रहे हैं। खबर लिखे जाने तक भाजपा या सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।