दोषी कोई भी हो, बचेगा नहीं!…NEET मामले में CBI जांच पर बोले विजय सिन्हा, बिहार बजट में मिलेगा कास सरप्राइज?

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य के आगामी बजट और बहुचर्चित NEET छात्रा मामले को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। उनके बयानों से स्पष्ट है कि सरकार एक ओर जहां विकास का नया रोडमैप तैयार कर रही है, वहीं दूसरी ओर गंभीर अपराधों के मामलों में न्याय सुनिश्चित करने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चल रही है।

आगामी बजट सत्र पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों के लिए बड़ी उम्मीदें जगाई हैं। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट राज्य की जनता के लिए बेहद खास और उत्साह से भरा होने वाला है। जब उनसे बजट की बारीकियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सस्पेंस बरकरार रखते हुए कहा कि मैं अभी सबकुछ नहीं बता सकता। अगर अभी ही सब कुछ सार्वजनिक कर दिया, तो बिहारवासियों का उत्साह और सस्पेंस खत्म हो जाएगा। बस इतना भरोसा रखें कि यह बजट हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला होगा।

वहीं, NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले पर उप मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ कर दिया कि इस मामले में दोषी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, वह कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएगा। विजय सिन्हा ने इस मामले में राज्य सरकार द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई का ब्यौरा भी साझा किया।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं पीड़ित परिवार से मिले थे और उनकी पीड़ा साझा की थी। उन्होंने कहा कि मृतक छात्रा के परिजनों ने मुझसे मिलकर पूरे मामले की CBI जांच करवाने की मांग की थी। परिजनों की भावना और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मैंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात की। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और तत्काल CBI जांच की अनुशंसा कर दी। विजय सिन्हा ने अंत में दोहराया कि CBI जांच शुरू होने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने दोषियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार न्याय के लिए प्रतिबद्ध है और सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *