पूर्णिया। न्यूजस्टिच
बिहार के पूर्णिया जिले में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। अमौर थाना क्षेत्र के अमौर-बालूगंज मुख्य मार्ग पर चुड़ा मिल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने न केवल दो परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
आमने-सामने की टक्कर और मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालूगंज निवासी राहुल कुमार (21 वर्ष) बड़ा ईदगाह की ओर से अपने घर जा रहे थे, जबकि कोचका निवासी रिजवान (20 वर्ष) अमौर की ओर से लौट रहे थे। चुड़ा मिल के पास दोनों बाइकों में इतनी भीषण टक्कर हुई कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक रिजवान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और तीन बहनों का इकलौता भाई था। परिवार की सारी उम्मीदें उसी पर टिकी थीं।जबकि,राहुल अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच (GMCH) भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और कानूनी छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस सड़क पर बढ़ते हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से गति सीमा (Speed Limit) पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
