पूर्णिया। न्यूजस्टिच
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में पूर्णिया जिले को 485 करोड़ रुपये की बड़ी विकासात्मक सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कुल 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास रिमोट के माध्यम से किया। इसमें 164 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 योजनाओं का उद्घाटन और 321 करोड़ रुपये की लागत वाली 8 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मां पूरण देवी मंदिर और बाईपास की सौगात
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबसे पहले पूर्णिया स्थित मां पूरण देवी मंदिर परिसर पहुंचे, जहाँ उन्होंने सौंदर्गीकरण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने स्टेट हाईवे 60 से पूरण देवी मंदिर तक नवनिर्मित 2-लेन पथ और लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक भाया रजनी चौक पथ के मजबूतीकरण कार्य का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने जिले के लिए महत्वपूर्ण भूतहा मोड़ से मिल्लिया पॉलिटेक्निक कॉलेज भाया पूर्णिया श्रीनगर पथ तक आर०ओ०बी० सहित बाईपास पथ निर्माण कार्य और एस०एच०-65 (बनभाग चौक) से बिशनपुर धर्मकांटा तक पथ चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने मंदिर प्रांगण स्थित पोखर के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया। यहाँ स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य और बिहार बाल भवन किलकारी के स्टॉल के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

प्रगति यात्रा की घोषणाओं पर अमल
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मां पूरण देवी मंदिर परिसर का सौंदर्गीकरण बेहतर ढंग से कराएं और श्रद्धालुओं की हर जरूरी सुविधा सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विकास योजनाओं को समय सीमा के अंदर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इनमें कटरा प्रखंड में कारीकोशी नदी पर बांध सह सड़क निर्माण, अंतर्राज्यीय बस टर्मीनल, रंग भूमि मैदान में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, धमदाहा से पूर्णिया एस०एच०-65 का फोर लेन और पूर्णिया एयरपोर्ट से सीधा संपर्क सुनिश्चित करने वाले बाईपास पथ का निर्माण शामिल है।
किसानों और जीविका समूहों को करोड़ों का लाभ
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालकों से संवाद किया, जहाँ पशुपालकों ने मक्का, मखाना, और मछली उत्पादन में हुई अभूतपूर्व वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है ताकि किसान आर्थिक रूप से समृद्ध हो सकें।
विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल और 13,082 जीविका स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय समावेशन के तहत 261 करोड़ 65 लाख 97 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, ग्रामीण विकास और पूर्णिया जिला के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार, कई विधायकगण, विकास आयुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक, पथ निर्माण विभाग के सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव, पर्यटन विभाग के सचिव, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

