डेस्क । न्यूजस्टिच
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के बीच जारी खींचतान अब आर-पार की जंग में बदल गई है। बुधवार को फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि यदि जेरोम पॉवेल अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद बोर्ड से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वे उन्हें पद से बर्खास्त कर देंगे। ट्रंप ने कहा कि केंद्रीय बैंक के वाशिंगटन डीसी स्थित मुख्यालय के नवीनीकरण (Renovation) में हुई कथित अनियमितताओं की जांच जारी रहनी चाहिए।
भ्रष्टाचार और अक्षमता के आरोपों पर वार
साक्षात्कार के दौरान ट्रंप ने पॉवेल को पद से हटाने की अपनी इच्छा को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि वह यह पता लगाना चाहते हैं कि मुख्यालय के नवीनीकरण कार्य में क्या कोई “अक्षमता, भ्रष्टाचार या दोनों” शामिल थे। ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि आपको सच का पता लगाना ही होगा।”
जब इंटरव्यूअर ने ट्रंप को याद दिलाया कि पॉवेल ने जांच पूरी होने तक पद न छोड़ने की बात कही है, तो राष्ट्रपति ने कड़े लहजे में कहा, “तो फिर, मुझे उन्हें बर्खास्त करना होगा।” ट्रंप ने आगे कहा, “मैंने उन्हें निकालने से खुद को रोक रखा था। मैं उन्हें हटाना चाहता था, लेकिन मैं विवादों से बचना चाहता था।”
पॉवेल का रुख: ‘जांच पूरी होने तक नहीं जाऊंगा’
जेरोम पॉवेल का फेड चेयरमैन के रूप में कार्यकाल इसी साल मई में समाप्त हो रहा है, लेकिन गवर्नर के रूप में उनके पास अभी भी दो साल बाकी हैं। मार्च में पॉवेल ने स्पष्ट कर दिया था कि वे फेड बोर्ड ऑफ गवर्नर्स से तब तक नहीं हटेंगे जब तक कि उनके खिलाफ चल रही जांच पूरी पारदर्शिता और अंतिम निर्णय के साथ समाप्त नहीं हो जाती।
गौरतलब है कि पिछले साल संघीय अभियोजकों ने फेड मुख्यालय के नवीनीकरण और कांग्रेस को परियोजना की लागत के बारे में कथित तौर पर गुमराह करने के मामले में पॉवेल के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की थी। पॉवेल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे “राजनीति से प्रेरित” करार दिया है।
नियुक्ति पर फंसा पेंच: सीनेटर थॉम टिलिस का विरोध
ट्रंप ने जनवरी में केविन वॉर्श को अगले फेड चेयरमैन के रूप में नामित किया था। हालांकि, रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पॉवेल के खिलाफ जांच पूरी नहीं होती, वे वॉर्श के नामांकन का विरोध करेंगे। टिलिस का यह रुख नामांकन को सीनेट बैंकिंग समिति में अटका सकता है। टिलिस ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा कि फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता को राजनीतिक हस्तक्षेप या कानूनी डराने-धमकाने से बचाना गैर-परक्राम्य (Non-negotiable) है। उन्होंने कहा कि जब तक न्याय विभाग (DOJ) की जांच पूरी नहीं होती, वे किसी भी नए नामांकन का समर्थन नहीं करेंगे।

