patna-city-minor-girl-murder-begampur-body-found-in-blanket-crime-news

Patn Crime News: पटना सिटी में दरिंदगी: दूध देने गई 10 साल की मासूम की बेरहमी से हत्या, कंबल में लिपटा मिला शव

पटना।न्यूजस्टिच
राजधानी पटना के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत बाहरी बेगमपुर मोहल्ले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बीते बुधवार से रहस्यमय ढंग से लापता 10 वर्षीय मासूम बच्ची रौशनी कुमारी का शव गुरुवार सुबह बेगमपुर स्थित जल्ला वाले हनुमान मंदिर के पास एक गली से बरामद किया गया। बच्ची का शव कंबल में लिपटा हुआ था और उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे इलाके में भारी आक्रोश और सनसनी व्याप्त है।

दूध देने निकली थी रौशनी, फिर नहीं लौटी
मृतका रौशनी कुमारी बाहरी बेगमपुर निवासी ऑटो चालक और दूध व्यवसायी अनु यादव की पुत्री थी। वह राजकीय मध्य विद्यालय, सती चौड़ा में चौथी कक्षा की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह वह पड़ोस में दूध देने गई थी, लेकिन उसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने बाईपास थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गुरुवार की सुबह घर से कुछ ही दूरी पर उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड के साथ पहुंचे बड़े अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार और सिटी डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

परिजनों ने जताया पड़ोसी पर शक
मृतका की मां विभा देवी ने अपनी व्यथा सुनाते हुए पड़ोसी पर ही हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को जल्द से जल्द सजा देने की मांग की है। सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *