वैशाली। न्यूजस्टिच
जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर में बेखौफ अपराधियों ने सरेआम फायरिंग कर इलाके को दहला दिया है। अपराधियों ने एक युवक और युवती को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस वारदात में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है। घायल युवती का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
खुशियों वाले घर में पसरा मातम
हृदयविदारक बात यह है कि घायल युवती की शादी ठीक एक महीने बाद होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन इस वारदात ने सब कुछ उजाड़ कर रख दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रेम प्रसंग की आशंका, हथियार गायब
प्राथमिक जांच में पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस को घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और उलझ गया है।
जांच में जुटे आलाधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ (SDPO) सदर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

