dr-tarkeshwar-kumar-honored-with-katihar-gaurav-samman-medical-services-5680

 डॉ. तारकेश्वर कुमार को मिला ‘कटिहार गौरव सम्मान’, चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा पर सम्मानित, बोले-मरीजों का विश्वास ही मेरी ताकत

कटिहार। न्यूजस्टिच
कारगिल विजय दिवस का पावन अवसर और मंच कटिहार के टाउन हॉल का। मौका था सर्वोदय समाज द्वारा आयोजित ‘कटिहार गौरव सम्मान समारोह’ का, जहाँ जिले की उन शख्सियतों को नमन किया गया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के लिए नज़ीर पेश की है। इसी कड़ी में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, मरीजों के प्रति अटूट संवेदनशीलता और निस्वार्थ समाज सेवा के लिए जाने-माने चिकित्सक डॉ. तारकेश्वर कुमार को प्रतिष्ठित ‘कटिहार गौरव सम्मान’ से नवाजा गया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री और महापौर ने संयुक्त रूप से किया सम्मानित
समारोह के दौरान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार के स्थानीय विधायक तारकिशोर प्रसाद और कटिहार नगर निगम की महापौर उषा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से डॉ. तारकेश्वर कुमार को यह सम्मान प्रदान किया। मंच से बोलते हुए अतिथियों ने डॉ. कुमार के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है, और डॉ. तारकेश्वर ने अपनी समर्पित सेवाओं से इस बात को साबित किया है।

यह सम्मान समाज सेवा के संकल्प को और मजबूत करेगा
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. तारकेश्वर कुमार ने भावुक होते हुए सर्वोदय समाज और कार्यक्रम में मौजूद सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि उन तमाम मरीजों के विश्वास का है जो मुझ पर भरोसा जताते हैं। कटिहार गौरव सम्मान मुझे भविष्य में और अधिक निष्ठा, ईमानदारी और निस्वार्थ भाव से स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा।

समारोह में उमड़ीं कई दिग्गज हस्तियां
सर्वोदय समाज द्वारा आयोजित इस गरिमामयी समारोह में शहर के कई प्रबुद्ध नागरिक, जाने-माने चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान कारगिल के वीरों को याद करने के साथ-साथ जिले की ऐसी प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाया गया जो कटिहार को प्रगति और सेवा के पथ पर आगे ले जा रही हैं।