मध्य-पूर्व में गहराते युद्ध के बादलों और असुरक्षित हवाई क्षेत्रों के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एयर इंडिया ने मध्य-पूर्व के गंतव्यों के लिए अपने उड़ान संचालन के अस्थायी निलंबन को 3 मार्च 2026 की रात 11:59 बजे (IST) तक के लिए बढ़ा दिया है।
सुरक्षा कारणों से लिया गया बड़ा फैसला
एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि यह निर्णय यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। मध्य-पूर्व के कई देशों द्वारा अपने वायुक्षेत्र को बंद किए जाने या वहां से गुजरने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने के कारण परिचालन संभव नहीं हो पा रहा है। एयरलाइन प्रबंधन ने कहा है कि वे क्षेत्र की भू-राजनीतिक स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं और विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
पश्चिमी देशों के लिए राहत, अमेरिका और यूरोप की उड़ानें शुरू
मध्य-पूर्व की उड़ानों पर रोक के बीच एयर इंडिया ने लंबी दूरी के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर भी दी है। अमेरिका, कनाडा, यूरोप और ब्रिटेन के सभी प्रमुख गंतव्यों के लिए निर्धारित उड़ान संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्री अब पहले की तरह अपनी यात्रा कर सकेंगे। हालांकि, वायुक्षेत्र में बदलाव के कारण कुछ उड़ानों के समय में मामूली परिवर्तन की संभावना जताई गई है।
प्रभावित यात्रियों के लिए ‘थ्री-वे’ सपोर्ट सिस्टम
उड़ानों के अचानक रद्द होने से हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। एयर इंडिया ने इन यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए तीन बड़े विकल्पों की घोषणा की है। फुल रिफंड जो यात्री अपनी यात्रा रद्द करना चाहते हैं, उन्हें टिकट की पूरी राशि बिना किसी कटौती के वापस की जाएगी। फ्री री-शेड्यूलिंग में यात्री बिना किसी अतिरिक्त चेंज फी के अपनी यात्रा की अगली तारीख चुन सकते हैं। वैकल्पिक व्यवस्था अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में यात्रियों को वैकल्पिक रूटों के जरिए उनके गंतव्य तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए सलाह
एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक कर लें। इसके अलावा, किसी भी प्रकार की सहायता के लिए एयर इंडिया की 24×7 हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है।

