दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के एक्साइज केस (शराब घोटाला) में बरी होने के बाद राजधानी की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है। इस कानूनी जीत के बाद केजरीवाल ने सीधा हमला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और रॉबर्ट वाड्रा पर बोल दिया है। जिसके बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
केजरीवाल का हमला: “वाड्रा और गांधी परिवार जेल क्यों नहीं गए?
अपनी रिहाई और अदालती फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद कांग्रेस के बड़े नेता सुरक्षित क्यों हैं? केजरीवाल ने कहा: मैं आपसे पूछता हूं कि केजरीवाल जेल गया, क्या रॉबर्ट वाड्रा जेल गया? संजय सिंह जेल गया, क्या राहुल गांधी जेल गया? मनीष सिसोदिया जेल गया, क्या सोनिया गांधी जेल गईं? कांग्रेसी किस मुंह से बात करते हैं, उन्हें शर्म नहीं आती?
कांग्रेस का पलटवार: केजरीवाल भाजपा के स्टार कैंपेनर
केजरीवाल के इस बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल की रिहाई भाजपा की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उदित राज ने कहा कि भाजपा ने उन्हें इसलिए बरी करवाया है ताकि वे पंजाब और गुजरात में कांग्रेस के वोट काटकर भाजपा के स्टार कैंपेनर के रूप में काम कर सकें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, राहुल गांधी पर 32 मामले हैं, लेकिन वे नहीं रोते। केजरीवाल भाजपा की बी टीम हैं और महाझूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं।
फ्लैशबैक: किसने उठाया था शराब घोटाले का मुद्दा?
यह दिलचस्प है कि जिस शराब घोटाले में केजरीवाल और सिसोदिया जेल गए, उसकी नींव किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस ने ही रखी थी।
- किसने उठाया मुद्दा: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्कालीन अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने सबसे पहले इस नीति में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
- कब हुई शिकायत: जून 2022 में कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और उपराज्यपाल (LG) को औपचारिक शिकायत सौंपी थी। बाद में भाजपा ने इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया और जुलाई 2022 में LG वी.के. सक्सेना ने सीबीआई जांच की सिफारिश की।
इस विवाद ने साफ कर दिया है कि आगामी चुनावों से पहले इंडिया गठबंधन के इन दो सहयोगियों के बीच दिल्ली की जमीन पर तलवारें खिंच चुकी हैं।

