bengaluru-medical-college-professor-propose-student-clash-viral-video

बेंगलुरु के मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर का ‘इश्क’! छात्रा को किया प्रपोज, छात्रों ने कैंपस में ही कर दी जमकर धुनाई

कर्नाटक के एक मेडिकल कॉलेज से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां क्लास के दौरान एक प्रोफेसर ने अपनी ही छात्रा को कथित तौर पर प्रपोज कर दिया, जिसके बाद न केवल क्लास रूम में हंगामा हुआ, बल्कि बाहर निकलते ही छात्रों का गुस्सा प्रोफेसर पर फूट पड़ा।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रोफेसर और छात्रा के बीच तीखी बहस हो रही है। छात्रा के कड़े विरोध के बीच प्रोफेसर यह दावा करते दिखे कि पहले छात्रा ने उन्हें आई लव यू कहा था। हालांकि छात्रा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले को तुरंत प्रिंसिपल के पास ले जाने की बात कही।

क्लास के अन्य छात्र भी अपनी सहपाठी के समर्थन में उतर आए। मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जैसे ही प्रोफेसर क्लास से बाहर निकले वहां मौजूद कुछ छात्रों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट का यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है।

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कॉलेज प्रशासन ने इस शर्मनाक घटना पर संज्ञान लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, प्रोफेसर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *