bihar-industrial-revolution-investment-target-marinedrive-samrat-choudhary

बिहार के औद्योगिक क्रांति की तैयारी, 5 लाख करोड़ का निवेश और औद्योगिक विस्तार की योजना, जानिए क्या-क्या होगा?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने पैतृक जिले मुंगेर के तारापुर में राज्य के विकास का एक महत्वाकांक्षी ‘भविष्य का रोडमैप’ पेश किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य बिहार को एक औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है ताकि यहाँ के युवाओं को रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार का लक्ष्य नवंबर माह तक बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित करना है। इस निवेश के माध्यम से बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां स्थापित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि पीरपैंती और नवीनगर जैसे थर्मल पावर प्लांटों में पहले ही 1.36 लाख करोड़ रुपये का निवेश कार्य शुरू हो चुका है। सरकार की कोशिश है कि बिहार में ऐसी व्यवस्था बने कि युवाओं को अच्छी नौकरी के लिए बाहर जाने का विकल्प मिले, लेकिन मजबूरी में पलायन न हो।

बुनियादी ढांचे के विकास को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेर से भागलपुर तक मरीन ड्राइव का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही, इस क्षेत्र को 4-लेन सड़क से जोड़ा जा रहा है जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने विशेष रूप से कोलकाता एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए कहा कि इसके पूर्ण होने पर मुंगेर से कोलकाता की दूरी मात्र 5 से 6 घंटे रह जाएगी, जो व्यापार और परिवहन के लिए क्रांतिकारी बदलाव साबित होगा।

बिजली के क्षेत्र में बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सोलर एनर्जी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को 150 यूनिट तक बिजली मिल सकेगी। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने तारापुर आईटीआई का उदाहरण दिया, जहाँ 1,000 विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल विकास (Skill Development) की ट्रेनिंग दी जा रही है।

प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए असरगंज स्थित ढोल पहाड़ी पर ईको-टूरिज्म कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा, ऐतिहासिक उच्चेश्वर नाथ धाम के विकास के लिए 26 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे ‘तारापुर के बेटे’ के रूप में बिहार के हर अधूरे सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *