Bihar IPS officers property declaration and gold investment report 2026.

Bihar IPS Property Declaration: जहानाबाद एसपी सबसे अमीर, सुपौल एसपी के पास दो फ्लैट! बिहार के IPS अधिकारियों ने घोषित की संपत्ति, जानिए कौन कितना पैसेवाला

पटना। न्यूजस्टिच
बिहार कैडर के आईपीएस (IPS) अधिकारियों द्वारा हाल ही में सार्वजनिक की गई संपत्ति की घोषणा ने सबको चौंका दिया है। संपत्ति के इन आंकड़ों से साफ है कि बिहार के पुलिस कप्तान न केवल सुरक्षा के मोर्चे पर मुस्तैद हैं, बल्कि निवेश और संपत्ति के मामले में भी काफी समृद्ध हैं। दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ अधिकारियों के पास करोड़ों की अचल संपत्ति और सोना है, वहीं ज्यादातर अधिकारियों के पास निजी कार तक नहीं है। पुलिस महकमे के इन आंकड़ों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिहार के युवा और अनुभवी आईपीएस अधिकारी भविष्य के लिए रियल एस्टेट और गोल्ड को निवेश का सबसे सुरक्षित जरिया मान रहे हैं।

जहानाबाद एसपी सबसे अमीर, सुपौल एसपी के पास दो फ्लैट
संपत्ति विवरण के अनुसार जहानाबाद के एसपी अपराजित लोहान राज्य के सबसे अमीर पुलिस अधिकारियों में से एक बनकर उभरे हैं। उनके पास हरियाणा के हिसार में 6.5 करोड़ रुपये और गुरुग्राम में 2 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति (घर और जमीन) है। लोहान दंपत्ति लग्जरी घड़ियों के भी शौकीन हैं। दोनों के पास राडो की घड़ियां हैं।

वहीं, सुपौल एसपी शरथ आर.एस के पास केरल में 80 लाख रुपये मूल्य के दो फ्लैट हैं। पटना के एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा के पास भी 80 लाख रुपये का एक फ्लैट है। जबकि बेगूसराय एसपी मनीष कुमार की पत्नी के नाम पर पटना में 30 लाख रुपये का फ्लैट दर्ज है।

आभूषणों का भंडार: पत्नियों के पास किलो भर सोना
बिहार के कई एसपी और उनकी पत्नियों ने सोने और हीरे में भारी निवेश किया है। SP नालंदा भारत सोनी की पत्नी के पास सबसे अधिक 1.50 किलोग्राम सोना है। SP वैशाली विक्रम सिहाग की पत्नी के पास 1 किलो 164 ग्राम सोने के गहने हैं। पटना के सिटी एसपी परिचय कुमार की पत्नी के पास करीब 1 करोड़ रुपये के गहने हैं। एसपी अपराजित लोहान की पत्नी के पास 45 लाख का सोना और 25 लाख के हीरे के आभूषण हैं।

शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में भरोसा
आधुनिक दौर के इन आईपीएस अधिकारियों का भरोसा पारंपरिक संपत्ति के साथ-साथ शेयर बाजार पर भी खूब है। ज्यादातर अधिकारियों और उनकी पत्नियों ने शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश किया है। नकदी (Cash) के मामले में ये अधिकारी काफी संभलकर चलते हैं। अधिकांश के पास 50 हजार रुपये से कम कैश है, हालांकि शेखपुरा एसपी बलिराम चौधरी और बगहा एसपी रामचंद्र कौशल के पास 1 लाख रुपये नकद मौजूद हैं।

कार नहीं, पर जमीन के मालिक
एक हैरान करने वाला तथ्य यह है कि 25 पुलिस अधिकारियों के ब्योरे में से ज्यादातर के पास अपनी निजी कार नहीं है। ये अधिकारी सरकारी वाहनों पर ही निर्भर हैं। हालांकि, जमीन के मामले में ये पीछे नहीं हैं। बगहा एसपी रामानंद कुमार कौशल अपने परिवार की 8.5 एकड़ पुश्तैनी जमीन के आधे हिस्से के मालिक हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *