bihar-railway-track-spy-camera-terror-plot-hajipur-muzaffarpur

बिहार में बड़ी आतंकी साजिश का ‘सिग्नल’: रेलवे टावर पर लगा था हाई-टेक जासूसी कैमरा, हैंडलर का पाकिस्तानी कनेक्शन

बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने राज्य के सुरक्षा महकमे और खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के सराय स्टेशन के पास समपार ढाला संख्या-43 सी स्पेशल के पास लगे एक सिग्नल टावर पर हाई-टेक इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) कैमरा बरामद हुआ है। इस कैमरे के जरिए कोई ‘अदृश्य’ ताकत रेलवे ट्रैक और सड़क मार्ग की पल-पल की निगरानी कर रही थी।

इस जासूसी उपकरण की जांच में जो तथ्य सामने आ रहे हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। तकनीकी विशेषज्ञों की जांच में पता चला है कि इस आईपी कैमरे का कंट्रोल कर्नाटक के तटीय क्षेत्र में बैठे किसी व्यक्ति के पास था। आशंका जताई जा रही है कि इसका सीधा संबंध पाकिस्तान के आतंकी संगठनों से है। सूत्रों के मुताबिक, इस नेटवर्क में आतंकी यासीन भटकल की तस्वीर मिलने की भी चर्चा है, हालांकि रेलवे और पुलिस के अधिकारी फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि से बच रहे हैं।

इस खौफनाक साजिश की शुरुआत शुक्रवार से एक दिन पहले हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों और गुमटीमैन के अनुसार, हरियाणवी लहजे में बात करने वाला एक संदिग्ध युवक वहां पहुंचा था। उसने खुद को एक एनजीओ से जुड़ा बताते हुए सिग्नल टावर पर सोलर संचालित कैमरा फिट कर दिया और चुपचाप निकल गया। गुमटीमैन को जब शक हुआ, तो उसने सराय स्टेशन मास्टर मनोज कुमार को इसकी जानकारी दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एटीएस (ATS) की तीन सदस्यीय टीम और एसटीएफ (STF) ने मौके पर पहुंचकर डेरा डाल दिया है। रेल डीएसपी सोनपुर, सहकार खान के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच कर रही हैं। पुलिस ने इस कैमरे से करीब एक घंटे की रिकॉर्डिंग भी निकाली है, जिसमें रेलवे ट्रैक की स्पष्ट रेकी दिखाई दे रही है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह कैमरा किसी वीआईपी मूवमेंट की जानकारी जुटाने या किसी बड़े आतंकी हमले की रेकी के लिए लगाया गया हो सकता है। यह कैमरा मूवेबल (घूमने वाला) है और अंधेरे में भी साफ रिकॉर्डिंग करने में सक्षम है। फिलहाल सराय स्टेशन मास्टर के बयान पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस ‘हरियाणवी’ संदिग्ध तक पहुंचा जा सके।