पटना। न्यूजस्टिच
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका देते हुए हाल ही में आयोजित दो बड़ी प्रतियोगिता परीक्षाओं को रद्द करने का आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। आयोग ने यह फैसला परीक्षा के दौरान सामने आई अनियमितताओं, ब्लूटूथ के जरिए नकल के प्रयासों और सोशल मीडिया पर शुचिता भंग होने की खबरों के बाद लिया है।
कौन-कौन सी परीक्षाएं हुईं रद्द?
आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार निम्नलिखित परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (विज्ञापन संख्या 87/2025): 14 अप्रैल 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक कुल 9 पालियों में आयोजित लिखित वस्तुनिष्ठ परीक्षा। सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी 23 अप्रैल 2026 को आयोजित लिखित वस्तुनिष्ठ परीक्षा शामिल है।

कदाचार पर कड़ा प्रहार: 32 अभ्यर्थी हुए डिबार
परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण कई केंद्रों पर ब्लूटूथ के माध्यम से चोरी करने के प्रयास पकड़े गए। आयोग ने इस मामले में कठोर रुख अपनाते हुए 32 अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं से प्रतिबंधित (Debar) कर दिया है। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि अनुसंधान के दौरान अब तक प्रश्न-पत्र लीक होने या वायरल होने का कोई ठोस साक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करना आवश्यक समझा गया। इन परीक्षाओं के लिए राज्य भर से बड़ी संख्या में मेधावी छात्रों ने आवेदन किया था। सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के लिए बड़ी संख्या में रिक्तियां निकाली गई थीं, जिन पर चयन के लिए 9 पालियों में परीक्षा ली गई थी। अनुमान के मुताबिक, इन दोनों परीक्षाओं को मिलाकर लगभग डेढ़ से दो लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। मेधावी अभ्यर्थियों के हित और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करना।
आगे क्या होगा?
आयोग ने फिलहाल नई परीक्षा तिथियों की घोषणा नहीं की है। जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर नए सिरे से परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया है कि भविष्य में कदाचारमुक्त और पारदर्शी परीक्षा आयोजित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है।

