छात्रों के लिए अच्छी खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में उच्च शिक्षा का सपना देख रहे हैं तो आपके लिए राहत है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जनवरी 2026 सत्र के लिए नामांकन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 मार्च 2026 कर दिया है। यह विस्तार उन छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो किन्हीं कारणों से अब तक अपना पंजीकरण नहीं करा सके थे। तो जल्दी ही उसका लाभ उठाएं. आइए जानते हैं पूरा एडमिशन प्रोसेस.
किन पाठ्यक्रमों में मिलेगा मौका?
इग्नू द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, सर्टिफिकेट और सेमेस्टर-आधारित प्रोग्राम को छोड़कर अन्य सभी वार्षिक पाठ्यक्रमों में नामांकन की तिथि बढ़ाई गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अब स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। नामांकन की पूरी प्रक्रिया इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध है।
पूर्णिया कॉलेज सहायता केंद्र (0508) की भूमिका
स्थानीय स्तर पर छात्रों की सुविधा के लिए इग्नू शिक्षार्थी सहायता केंद्र (0508), पूर्णिया कॉलेज पूरी तरह सक्रिय है। केंद्र के सहायक समन्वयक डॉ.सुरज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इग्नू के पाठ्यक्रम न केवल रोजगारोन्मुख हैं, बल्कि कौशल विकास पर भी केंद्रित हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह विद्यार्थियों को अपनी अन्य जिम्मेदारियों और काम के साथ-साथ पढ़ाई का संतुलन बनाए रखने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।
डॉ.सिंह ने आगे बताया कि पूर्णिया कॉलेज केंद्र पर नियमित परामर्श (Counseling), समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान और सहयोगात्मक मार्गदर्शन मिलने के कारण पिछले कुछ वर्षों में नामांकन की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है।

नामांकन से पूर्व APAAR ID अनिवार्य
डिजिटल इंडिया अभियान के तहत इग्नू ने नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए APAAR (Automated Permanent Academic Account Registry) ID को अनिवार्य कर दिया है। डॉ.सुरज सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे ऑनलाइन पोर्टल पर फॉर्म भरने से पहले अपनी APAAR आईडी तैयार रखें, ताकि तकनीकी बाधाओं से बचा जा सके।
छात्रों के लिए विशेष अपील
सहायता केंद्र ने सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं से अनुरोध किया है कि वे अंतिम तिथि (30 मार्च) का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कर लें। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या कोर्स संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवसों में पूर्णिया कॉलेज स्थित इग्नू केंद्र (0508) पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
