बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत आज सुपौल पहुंचे। जहां उन्होंने जिले के विकास को एक नई ऊंचाई प्रदान की। मुख्यमंत्री ने सुपौल को 213 योजनाओं की बड़ी सौगात दी। जिसमें 84 योजनाओं का शिलान्यास और 129 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सीएम ने न केवल पिछले कार्यों का हिसाब दिया, बल्कि 2025 से 2030 तक के लिए सात निश्चय-3 का रोडमैप भी पेश किया।
इंफ्रास्ट्रक्चर से आस्था तक, सुपौल का बदलता चेहरा
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स का जिक्र किया।
शहरी विकास: सुपौल में आधुनिक नए बस स्टैंड का निर्माण और सिमराही बाजार में फ्लाईओवर से ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी।
आस्था और विरासत: बाबा तिलश्वर नाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण और वीरपुर में निबंधन कार्यालय की स्थापना।
सुरक्षा: सुरसर नदी के तटबंधों की मरम्मत से बाढ़ के खतरे को कम किया जा रहा है और सुपौल स्टेडियम का जीर्णोद्धार खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है।

सात निश्चय-3: अगले 5 साल का महाप्लान
मुख्यमंत्री ने सुपौल के लिए 7 विशेष प्राथमिकताओं की घोषणा की।
नारी शक्ति: जिले की 4.12 लाख महिलाओं को रोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
औद्योगिकीकरण: सुपौल में औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर नए कारखाने लगाए जाएंगे।
श्वेत क्रांति: सभी 174 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खुलेंगे और 235 गांवों में नई दूध समितियां बनेंगी।
शिक्षा: सभी 11 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेजों की स्थापना होगी।
सुपर स्पेशलिटी हेल्थ: सुपौल सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल और सामुदायिक केंद्रों को विशिष्ट अस्पतालों में बदला जाएगा।
खेल प्रतिभा: खिलाड़ियों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण।
सरल सुशासन: ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत सरकारी सुविधाओं को घर-घर पहुँचाया जाएगा।
विपक्ष पर तंज और विकास का दावा
नीतीश कुमार ने राजद (RJD) का नाम लिए बिना उन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पुराने दौर को याद करिए, जब कुछ लोग भाग गए थे और अपनी पत्नी को पद पर बिठा दिया था। उस वक्त महिलाओं के लिए कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है और बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होकर रहेगा। कार्यक्रम के अंत में निर्मली विधायक अनुरुद्ध प्रसाद यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे ने स्पष्ट कर दिया है कि कोसी क्षेत्र नीतीश कुमार के मिशन 2025 के केंद्र में है।

