Bhojpur News: जन सुराज में ‘अपनों’ का ही विद्रोह! आरा में नई कमेटी पर भड़का कार्यकर्ताओं का गुस्सा, बीच बैठक से निकले प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती

भोजपुर। न्यूजस्टिच
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज की जिला इकाई की बैठक में उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जबरदस्त हंगामा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि बैठक को बीच में ही छोड़कर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती को वापस लौटना पड़ा।

नई कमेटी के गठन पर भड़का आक्रोश
जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती भोजपुर जिला इकाई की नई कमेटी के गठन और संगठन विस्तार को लेकर आरा स्थित जिला कार्यालय पहुंचे थे। बैठक की प्रक्रिया चल ही रही थी कि अचानक कार्यकर्ता उग्र हो गए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नई कमेटी बनाने से पहले जमीन पर काम करने वाले पुराने साथियों से कोई सलाह-मशवरा नहीं किया गया और न ही उन्हें विश्वास में लिया गया।

उपेक्षा के आरोप और ‘वॉकआउट’
स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मंच पर मौजूद नेताओं पर मनमानी और उपेक्षा का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का व्यवहार देख प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती नाराज हो गए। बिना बैठक पूरी किए ही उठकर बाहर निकल गए। हालांकि, इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने उन्हें मनाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन मनोज भारती सीधे अपनी गाड़ी की ओर निकल गए।

प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?
बैठक से निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि बिहार के 17 जिलों में अब तक नए संगठन की घोषणा सफलतापूर्वक की जा चुकी है। भोजपुर में भी आज यही उद्देश्य था, लेकिन कार्यकर्ताओं के कुछ विरोध के कारण फिलहाल इसे रोक दिया गया है। जन सूराज कार्यकर्ताओं की ही पार्टी है। अगर संगठन विस्तार को लेकर कोई मतभेद है तो उसे आगे सुलझाया जाएगा।

विपक्ष पर हमला और आगामी रणनीति
हंगामे के बावजूद मनोज भारती ने स्पष्ट किया कि पार्टी का अभियान नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता जल्द ही पूरे बिहार का दौरा करेंगे और वर्तमान सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुँचाएंगे। उन्होंने आगामी 5 सालों की कड़ी मेहनत और जनता का विश्वास जीतने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति
प्रदेश अध्यक्ष के अचानक चले जाने के बाद कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक उपापोह और गहमागहमी की स्थिति बनी रही। कुछ कार्यकर्ता जहां संगठन में अपनी हिस्सेदारी को लेकर अड़े थे, वहीं कुछ इस घटनाक्रम से पार्टी की छवि को लेकर चिंतित नजर आए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *