अफवाहों से सावधान! डगरूआ के छात्रों का रिजल्ट आखिर क्यों फंसा? प्रशासन ने बताया कब जारी होगा आपका ‘मार्कशीट’

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के नतीजे आने के बाद जहां कई घरों में खुशियां हैं। वहीं पूर्णिया के उच्च माध्यमिक विद्यालय दुबैली (डगरूआ) के छात्रों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। विद्यालय के कुछ परीक्षार्थियों का रिजल्ट बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा स्थगित (Hold) कर दिया गया है। इस मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रधानाध्यापक पर एफआईआर (FIR) दर्ज की है।

जांच में पता चला है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने प्रायोगिक (Practical) परीक्षा के संचालन में बोर्ड की मार्गदर्शिका का पालन नहीं किया। नियमों की अनदेखी और गड़बड़ी के कारण बोर्ड ने रिजल्ट रोक दिया है। आरोपी प्रधानाध्यापक पर न केवल प्राथमिकी दर्ज की गई है, बल्कि उन पर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी की जा रही है।

दोषी प्रधानाध्यापक द्वारा भेजी गई ‘मार्क्स फॉइल’ की सत्यता जांचने के लिए जिलास्तरीय पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी 2 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट बोर्ड को सौंप देगी। रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद समिति द्वारा परिणाम जारी कर दिया जाएगा।

रिजल्ट रुकने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए 26 मार्च को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना एवं माध्यमिक शिक्षा) ने विद्यालय परिसर में बैठक की। अधिकारियों ने मुखिया, वार्ड सदस्यों और अभिभावकों की मौजूदगी में भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और बिहार बोर्ड रिजल्ट जारी करने के लिए तत्पर है। छात्रों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह पर यकीन न करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *